Bilaspur News Update : बिलासपुर. गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे लाखों रुपए के जुआ फड़ पर CSP सिविल लाइन और SDOP कोटा की संयुक्त टीम ने रेड कार्रवाई की. पुलिस ने फार्म हाउस संचालक मनीष शर्मा समेत 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं. आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 80 हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन, 5 चार पहिया वाहन समेत करीब 40 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि फार्म हाउस में लंबे समय से हाईप्रोफाइल जुए की शिकायत मिल रही थी.

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. कोनी थाना पुलिस ने नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी भीमा सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ग्राम रमतला का निवासी है. जानकारी के मुताबिक आरोपी शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने साथ ले गया था. 6 मई को पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपहृत बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया है और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है.

दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 2 गिरफ्तार

बिलासपुर. तोरवा पुलिस ने शातिर और आदतन चोर नैतिक उर्फ गणेश उर्फ चुचरू प्रधान को गिरफ्तार किया है. आरोपी दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. पावर हाउस चौक स्थित किराना दुकान में जुलाई 2025 में शटर तोड़कर 10 से 12 हजार रुपए नगद चोरी किए जाने के मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई थी, जिसके बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया था. आरोपी हरियाणा और दमन में लगातार लोकेशन बदलकर छिपा हुआ था. साइबर सेल की मदद से ट्रैकिंग कर पुलिस ने अड्डाबाजी चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने अकलतरा समेत कई जगह चोरी की वारदातें कबूल की हैं. उसने तीन दुकानों के ताले तोड़ने, कपड़ा दुकान में चोरी, मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल लूट की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने चोरी किए गए कपड़े भी बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं.

बिलासपुर पुलिस को मिलेंगे 24 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन

बिलासपुर. जिले की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस को अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित डायल-112 वाहन मिलने जा रहे हैं. रविवार को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के करकमलों से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा. कार्यक्रम में बिलासपुर से 24 अधिकारी और कर्मचारी शामिल होकर वाहन प्राप्त करेंगे. राज्यभर के सभी 33 जिलों के लिए कुल 383 से अधिक डायल-112 वाहनों को सेवा में शामिल किया जा रहा है. ये वाहन आधुनिक तकनीक, हाई सिक्योरिटी फीचर्स और सीसीटीवी सुविधाओं से लैस होंगे, जिससे पुलिस और आपातकालीन सहायता व्यवस्था पहले से अधिक तेज, प्रभावी और भरोसेमंद बन सकेगी. डायल 112 महज एक वाहन नहीं, बल्कि आम जनता के लिए सुरक्षा का एक मजबूत भरोसा है. यह पुलिस की तत्परता और जनता की सेवा के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है. इन रिस्पांस व्हीकल्स में तैनात कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी जिस कर्तव्यबोध के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते है. वह सराहनीय है. नए वाहनों के शामिल होने से इस सेवा की गति और कार्यक्षमता में भारी इजाफा होगा. जिससे पीड़ितों तक मदद और भी जल्द पहुंच सकेगी.

सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई शक्तिः एसएसपी

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि डायल-112 सेवा का विस्तार अब पूरे राज्य में होने जा रहा है, जो वर्तमान में 16 जिलों में संचालित है. 400 से अधिक अत्याधुनिक वाहन प्रदेश की जनता की सेवा के लिए तैयार हैं, जिन्हें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी मई को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. आधुनिक तकनीकों, हाई सिक्योरिटी फीचर्स और सीसीटीवी सुविधाओं से लैस ये वाहन पुलिस एवं आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक तेज और प्रभावी बनाएंगे. सुरक्षित छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है. 

narayana

जांजगीर-बलौदा मार्ग पर नहर पुल की टूटी रेलिंग, हादसे का खतरा बढ़ा

जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर से बलौदा मार्ग जिले के सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है. इस मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों की दिन-रात आवाजाही लगी रहती है. इस मार्ग पर चलने वाले लोग नैला फाटक की परेशानी से जूझने के बाद जर्जर सड़क और रास्ते के पुलों की टूटी रेलिंग के कारण खतरनाक सफर करने मजबूर हैं. ग्राम सिवनी के नहर में बने पुल की रेलिंग सालों से टूटी हुई है, जिसकी मरम्मत को लेकर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है. जांजगीर से बलौदा मार्ग जिले के सबसे व्यस्त मार्ग में से एक है और इस मार्ग की हालत अत्यंत दयनीय है. इस मार्ग पर ग्राम सिवनी में नहर पर पुल बना है, जिसमें बनी रेलिंग करीब दो साल से टूटी हुई है, जो यात्रियों के लिए खतरा बना हुआ है. सिवनी नहर पुल तीखे मोड़ पर हैं, जिससे मोड़ की ओर से आ रहे वाहन चालकों को पुल की खराबी नजर नहीं आती और हादसे के समय यहां वाहन चालकों के लिए दोहरा खतरा बना हुआ है. बाइक चालक के फिसलने पर सीधे नहर में गिरने का डर बना हुआ है. पुल की टूटी रेलिंग सुधारने के लिए ग्रामीण लगातार जिम्मेदार विभाग से गुहार लगा रहे हैं, क्योंकि स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन जिम्मेदारों के कान में कोई जूं नहीं रेंग रही है. 

एसएलआरएम सेंटर में भीषण आग, लाखों की सरकारी संपत्ति जलकर खाक

अकलतरा. नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 स्थित एसएलआरएम सेंटर में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि सेंटर में रखा अधिकांश सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया. घटना में लाखों रुपए की सरकारी संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात सेंटर से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना नगर पालिका प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर

काबू पाया गया. हालांकि तब तक सेंटर के भीतर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था. बताया जा रहा है कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक स्तर पर अज्ञात व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.