Bilaspur News Update, बिलासपुर। एचयूआईडी, हॉलमार्क और सोना जांच व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर बिलासपुर के सराफा कारोबारी आज प्रदर्शन करेंगे। इसके तहत सराफा बाजार को आधे दिन बंद रखा जाएगा। कारोबारी सदर बाजार से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालेंगे।

पैदल मार्च के बाद कारोबारी कलेक्टर को प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। बताया गया है कि यह अभियान केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में सराफा कारोबारी अभियान के तहत प्रदर्शन और विभिन्न गतिविधियां करेंगे।

CIMS में NEET UG काउंसिलिंग आज से

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) बिलासपुर में NEET UG के तहत MBBS में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया आज से शुरू होगी। मेडिकल कॉलेज में कुल 150 MBBS सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।

इन सीटों में 124 सीटें स्टेट कोटे, 22 सीटें ऑल इंडिया कोटे और 4 सीटें सेंट्रल पूल के लिए आरक्षित हैं। काउंसिलिंग को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

काउंसिलिंग शुरू होने से पहले CIMS के डीन और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (MS) ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभ्यर्थियों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

चेन स्नेचर गैंग के 9 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। पुलिस ने बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में 7 महिलाओं सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पारधी गैंग के तरीके से बसों में वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों को कोरबा जिले के कोनकोना से गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरोह द्वारा बसों में यात्रियों के बीच भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी करने की बात सामने आई है। आरोपी चोरी की गई चेन को बेचकर रकम हासिल करते थे।

पुलिस ने चोरी की चेन बेचने से मिले 8 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत कार्रवाई की है। गिरोह के अन्य वारदातों और सदस्यों के संबंध में भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी की पहचान वर्ष 2020 में हुई थी। दोनों स्वामी आत्मानंद स्कूल तारबाहर में साथ काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई। आरोप है कि आरोपी ने महिला को बताया था कि उसका तलाक का मामला चल रहा है और तलाक होने के बाद वह उससे शादी करेगा।

पीड़िता का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में जब आरोपी शादी से मुकरने लगा तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। महिला के मुताबिक, 16 और 17 अगस्त को आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी महेन्द्र बानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 296 और 115(2) के तहत कार्रवाई की है।

नदी किनारे टेंट लगाकर जुए खेलते 4 गिरफ्तार

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरैया में अरपा नदी किनारे टेंट लगाकर जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ जुआरी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट लगाकर जुए की महफिल सजाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम ने जुआरियों को पकड़ने के लिए ग्रामीण वेशभूषा में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।

पुलिस को देखते ही कुछ आरोपी मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए मलेश साहू, संदीप भारद्वाज, साहिल घोषले और चंद्रप्रकाश भार्गव को पकड़ लिया। वहीं कुछ अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15,730 रुपये नगद, एक बाइक, 4 मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश, तिरपाल, प्लास्टिक बोरी समेत जुआ खेलने में इस्तेमाल अन्य सामान जब्त किया है।

जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जगह बदल-बदलकर अन्य फरार आरोपियों के साथ जुआ संचालित करते थे। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।

अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद

बिलासपुर। शेफर्ड स्कूल के सामने फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और सब्जी बेचने वालों के बीच जमकर विवाद हो गया। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला निगम कर्मियों पर चप्पल से हमला करती नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि नगर निगम की टीम फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान सब्जी विक्रेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। एक महिला ने निगम कर्मियों पर उसकी दुकान गिराने का आरोप लगाया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।

देखते ही देखते मौके पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक महिला द्वारा निगम कर्मियों पर चप्पल से हमला किए जाने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बदसलूकी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना के संबंध में निगम और संबंधित पक्षों की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m