Bilaspur News Update : बिलासपुर. बाइक टकराने के मामूली विवाद में युवक पर हमला करने के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें से 2 नाबालिग पुलिस हिरासत में हैं. दशगात्र कार्यक्रम से लौटते वक्त दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था,देखते हिंसक झड़प में बदल गया. आरोपियों ने लाठी-डंडा, ईंट और बेल्ट से हमला किया. बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय को भी गंभीर चोटें आईं. पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है. 

गिरफ्तार आरोपियों में बादल जांगड़े, सरोज जांगड़े, विक्की जांगड़े, तुलसी जांगड़े, ललित जांगड़े, शैलेन्द्र जांगड़े और इतवारी जांगड़े शामिल हैं. पुलिस ने हमले में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा, बेल्ट, पेचकस और डंडा जब्त किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 294, 115(2), 351(3), 190, 191(2) और 191(3) के तहत मामला दर्ज किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला. मामले की जांच पचपेड़ी थाना पुलिस कर रही है.

चाकूबाजी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 1 नाबालिग हिरासत में 

बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में 1 नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. घटना 17 मई की रात की बताई जा रही है, जब आरोपी जबरन घर में घुसे और परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा.

मुख्य आरोपी अविनाश मसीह उर्फ बट्टू के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की गई है. वहीं अन्य आरोपियों और अपचारी बालक से मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश मसीह, पुनीत राव गजवे और पियुष रजक शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351, 118(1), 333, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत कार्रवाई की है. मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

शराब के लिए नहीं दिए पैसे, तो लाठी-डंडों से की पिटाई

बिलासपुर. सकरी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर राहगीरों से मारपीट करने वाले मुख्य आरोपी ईश्वर यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, ईश्वर अपने साथी के साथ मिलकर लाखासार मोड़ के पास साप्ताहिक बाजार से लौट रहे युवकों को रोककर पैसे मांगे थे. उन्होंने जब पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया. सकरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि उसका एक साथी अब भी फरार है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

जमीन विवाद में भाइयों के बीच खूनी संघर्ष

बिलासपुर. मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत  गतौरा गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने कुल्हाड़ी, रॉड और फावड़े से एक-दूसरे पर हमला कर दिया. घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.

ट्रांसफार्मर में भीषण आग, कॉलोनी की बिजली बंद

बिलासपुर. मंगला स्थित महामाया पार्क इलाके में ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई. आग लगने से ट्रांसफार्मर और बिजली के तार जलकर खाक हो गए. घटना बीती देर रात की बताई जा रही है. आग की सूचना मिलते ही दमकल टीम और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया. आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी. इलाके की बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे कॉलोनी के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है.

कार और बाइक की भिड़ंत में एक की मौत

अकलतरा. ग्राम खटोला के पास ओवरटेक के दौरान बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कोटगढ़ निवासी भूपेंद्र धीवर उम्र 22 वर्ष बुधराम धीवर उम्र 30 वर्ष, डेमन धीवर उम्र 28 वर्ष एवं फ़ागूराम धीवर उम्र 25 वर्ष एक मोटरसाइकिल में सवार होकर अकलतरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान 19 मई को ग्राम खटोला के पास बाइक सवारों ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक सीजी 10 एयू 1762 से उनकी सीधी टक्कर हो गई. हादसा इतना भयावह था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं कार के सामने का हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को मदद की. इस हादसे में बाइक चला रहे युवक भूपेंद्र धीवर उम्र 22 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बाइक पर सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना दिए जाने पर मां कर्मा एंबुलेंस के संचालक पारस साहू के द्वारा मृत एवं सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों घायल युवकों को प्राथमिक इलाज के बाद सिम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया गया. घायल बुधराम धीवर एवं फागूराम धीवर की स्थिति गंभीर है. डेमंड धीवर खतरे से बाहर बताया जा रहा है. पुलिस द्वारा मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम करने के पश्चात शव को परिजनों को सौंपा गया. पुलिस द्वारा एमामले की विवेचना की जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H