Bilaspur News Update : बिलासपुर. इंद्रपुरी हिर्री माइंस के पास पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश दी. 52 परियों के साथ 4 जुआरियों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया. मौके से 1800 रुपये कैश भी बरामद किया गया. चकरभाठा पुलिस को सूचना मिली थी, कुछ लोग इंद्रपुरी हिर्री माइंस के पास जुआ खेल रहे हैं. पुलिस टीम ने मौके पर दबीश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया. मामले में जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई.
साउथ बिहार एक्सप्रेस के जनरल कोच में निकला अहिराज, यात्रियों में हड़कंप
बिलासपुर. साउथ बिहार एक्सप्रेस के जनरल कोच में रविवार को अहिराज सांप निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर ट्रेन को किरोड़ीमल नगर स्टेशन पर रोककर सांप को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह कोच के अंदर गहराई में चला गया. इसके बाद यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट कर संबंधित कोच को बंद कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13288 के पिछले जनरल कोच में सांप होने की सूचना वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने दी. ट्रेन को शाम 4:28 बजे किरोड़ीमल स्टेशन पर नियंत्रित किया गया. कर्मचारियों ने सांप पकड़ने वाले को बुलाया, लेकिन सांप कोच के अंदर ऐसी जगह चला गया, जहां से उसे निकालना संभव नहीं हो सका. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कोच खाली कराकर बंद कर दिया गया. इसके बाद ट्रेन शाम 5:10 बजे रायगढ़ के लिए रवाना हुई.
पंजाब से न्यायधानी में पहुंचा 2.50 लाख का हेरोइन
बिलासपुर. नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एसीसीयू और सकरी पुलिस ने प्रहार किया और पंजाब अमृतसर से हेरोइन चिट्टा लेकर आए तस्कर को पुलिस टीम ने उसलापुर बाजार के पास गिरफ्तार किया और वह हेरोइन चिट्टा बेचने के फिराक में घूम रहा था. पुलिस ने उसके पास से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. इसकी कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रूपए है.उसके पास से 10 हजार 5 सौ रूपए नगद जब्त किया गया. त्योहारों के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने लगातार जांच अभियान और संदिग्धों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए. इसके चलते एसीसीयू और सकरी पुलिस निगरानी रख रही थी। इसी दौरान 24 अक्टूबर को एसीसीयू की टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति उसलापुर बाजार के आसपास हेरोइन (चिट्टा) नामक मादक पदार्थ बेचने का प्रयास कर रहा है. सूचना से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अधिकारी मधुलिका सिंह को अवगत कराया गया। उनके मार्गदर्शन में थाना सकरी एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम द्वारा नारकोटिक्स एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का पालन करते हुए वैज्ञानिक अधिकारी की उपस्थिति में रेड कारर्वाई की गई. इस कार्रवाई के दौरान संदिग्ध पंजाब अमृतसर के रहने वाले दीपक वालिया को पकड़ा और उसे पास से पारदर्शी जिपर पॉलीथिन में करीब 11.73 ग्राम हेरोइन चिट्टा बरामद किया गया. इसकी कीमत 2 लाख 50 हजार रूपए के आसपास है. इस मामले में गिरफ्तार आरोपी दीपक वालिया पिता कमलजीत सिंह वालिया मूलतः सुभाष कॉलोनी, थाना बी-डिवीजन अमृतसर का रहने वाला है. वह वर्तमान में वास्तु शिखर अपार्टमेंट, उसलापुर, थाना सकरी में रह रहा था. आरोपी के विरुद्ध थाना सकरी में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 (बी) एवं 22 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कारर्वाई की गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी दीपक वालिया ने पंजाब के अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने तथा स्थानीय ग्राहकों की तलाश कर उसे अधिक कीमत पर बेचने की बात स्वीकार की. आरोपी के अनुसार, वह अमृतसर, पंजाब जाकर मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के संपर्क में आया था तथा उनसे लगभग हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लौटा था. यहां वह मादक पदार्थ की अलग-अलग पुड़िया बनाकर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था.
झूठा प्यार दिखाकर ऐंठे 4.50 लाख, शारीरिक संबंध भी बनाए, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़. स्नैपचैट पर शुरू हुई एक साधारण सी चैटिंग कैसे एक युवती के लिए शारीरिक और आर्थिक शोषण का दुःस्वप्न बन गई, इसका एक सनसनीखेज मामला रायगढ़ जिले के घरघोड़ा से सामने आया है. सोशल मीडिया की इस आभासी दुनिया में एक युवक ने प्यार और शादी का ऐसा जाल बुना कि 23 वर्षीय युवती ने अपनी अस्मत के साथ-साथ साढ़े चार लाख रुपये भी गंवा दिए. 22 अक्टूबर 2025 को पीड़िता की पहचान स्नैपचैट ऐप के जरिए पंकज चौहान 21 वर्ष, निवासी अमलीडीह से हुई थी। ऐप पर शुरू हुई बातचीत जल्द ही मुलाकातों में बदल गई. पंकज ने युवती का भरोसा जीता और 31 दिसंबर 2025 को प्यार और शादी का पक्का वादा करते हुए उसे अपने घर बुलाया, जहां उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए. स्नैपचैट का यह दोस्त सिर्फ यहीं तक नहीं रुका. उसने शादी के वादे को ढाल बनाकर कई बार युवती का शारीरिक शोषण किया और इसी दौरान अपनी जरूरतों का हवाला देकर पीड़िता से धीरे-धीरे कर लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए. जब सितंबर 2026 में पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे और शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने अपना असली चेहरा दिखाते हुए दोनों बातों से साफ इनकार कर दिया. धोखे का शिकार हुई पीड़िता ने न्याय के लिए घरघोड़ा थाने का दरवाजा खटखटाया. रायगढ़ पुलिस के अभियान संवेदना के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज चौहान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से वह आईफोन भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल स्नैपचैट चलाने और युवती से संपर्क करने के लिए किया जाता था. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

हादसे के बाद लगी भीड़ में जा घुसी कार, 1 की मौत
कोरबा. उरगा-चांपा राजमार्ग में नवलपुर के समीप उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब सड़क हादसे में बाद लगी भीड़ में चालक ने कार घुसा दी. कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सड़क किनारे खड़े हाइवे पेट्रोलिंग वाहन से टकराने के बाद रूकी. हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि आरक्षक सहित आधे दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर अस्पताल दाखिल कराया गया है. मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना शनिवार की रात करीब 10.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि उरगा चांपा मार्ग में दो दोपहया के बीच भिड़ंत हो गई. घटना घटित होते ही ग्रामीण भारी संख्या में एकत्रित हो गए. सूचना मिलने पर डॉयल 112 व हाइवे पेट्रोलिंग की टीम भी मौके पर जा पहुंची. डॉयल 112 व हाइवे पेट्रोलिंग की टीम ग्रामीणों के साथ मदद पहुंचाने में लगी हुई थी. इसी बीच कार क्रमांक सीजी 13 एएफ 8117 मौके पर पहुंची। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कार भीड़ में जा घुसी. यह कार सड़क किनारे खड़े हाइवे पेट्रोलिंग वाहन से टकराने के बाद रूक गई. घटना के बाद भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा. मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रहती. सूचना मिलने पर पहुंचे थाना प्रभारी नवीन पटेल ने अपनी टीम के साथ किसी तरह ग्रामीणों को समझाईश देकर शांत कराया. हादसे में डॉयल 112 में तैनात आरक्षक ग्राम गाड़ापाली निवासी राम कुमार पैकरा सहित आधे दर्जन लोग घायल हुए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया. वहीं बाइक सवार एक युवक मड़वारानी जर्वे निवासी धनेश्वर श्रीवास 19 वर्ष की मौत हुई है. परिजनों ने कार की चपेट में आने से धनेश्वर की मौत की बात कही है. वहीं उसके एक साथ निलेश को गंभीर चोटें आई है. बहरहाल मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उरगा थानांतर्गत मड़वारानी जर्वे में पवन श्रीवास निवास करते हैं. उन्होंने अपनी बेटी की शादी कर दी है, जबकि इकलौता पुत्र धनेश्वर श्रीवास रायगढ़ में डंपर ऑपरेटर का काम करता था. वह एक दिन पहले ही घर आया था. धनेश्वर मेहमानों को छोड़ने के बाद निलेश के साथ पेट्रोल डलवाने कोथारी की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई. घटना ने परिजनों को झकझोर दिया है. यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच व जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान लोगों को वाहनों के वैध दस्तावेज रखने की समझाईश भी दी जाती है. इसके बाद भी नियमों की अनदेखी की जाती है. बताया जा रहा है कि दुर्घटनाकारित कार ठठारी निवासी किसी व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है. कार का एश्योरेंस भी समाप्त हो चुका है. हालांकि घायल चालक से पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

