Bilaspur News Update : बिलासपुर. हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहराए गए तत्कालीन दुर्ग सब-रजिस्ट्रार आरके नेताम की सजा और दोषसिद्धि रद्द कर दी है. जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को फैसला सुनाते हुए कहा कि, अभियोजन पक्ष नेताम के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा. नेताम की अपील लंबित रहने के दौरान 23 जुलाई 2022 को मृत्यु हो गई थी. इसके बाद उनकी पत्नी सुनीता नेताम को सीआरपीसी की धारा 394(2) के तहत अपील जारी रखने की अनुमति 1 अप्रैल 2026 को दी गई थी. अभियोजन के अनुसार, गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने 9 फरवरी 2006 को एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की थी कि, उनकी बहन आशा लता उर्फ आशा रानी की पुलगांव, दुर्ग में करीब 27.3 एकड़ जमीन थी. आरोप था कि निर्मला देवी अग्रवाल ने अमेरिका में तैयार कथित पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर जमीन की अलग-अलग सेल डीड कराईं. तत्कालीन सब-रजिस्ट्रार आरके नेताम पर आरोप था कि, पावर ऑफ अटॉर्नी पर आवश्यक स्टांप ड्यूटी जमा नहीं होने के बावजूद उन्होंने उसके आधार पर सेल डीड रजिस्टर्ड कीं. अभियोजन ने इससे शासन को 6,08,115 रुपये की स्टांप ड्यूटी का नुकसान होने का आरोप लगाया था.
हटिया-एलटीटी-हटिया के बीच स्पेशल ट्रेन 12 से
बिलासपुर. आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा हटिया-एलटीटी-हटिया के मध्य 12, 19 और 26 अक्टूबर तक तीन फेरों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों में इस गाड़ी का वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है. 08609 हटिया से प्रत्येक सोमवार 12, 19 एवं 26 अक्टूबर को 16:20 बजे रवाना होगी. इसके बाद यह ट्रेन रायगढ़ रात 23:03 बजे, बिलासपुर रात 1:15 बजे, रायपुर तड़के 2:55 बजे, दुर्ग सुबह 3:55 बजे और गोंदिया सुबह 5:48 बजे पहुंचेगी. इसके बाद मध्यवर्ती स्टेशनों से गुजरते हुए यह ट्रेन मंगलवार रात 22:10 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी. पहुंचेगी. इसी तरह 08610 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक मंगलवार 13, 20 और 27 अक्टूबर को रात 23:50 बजे रवाना होगी. दूसरे दिन यह ट्रेन गोंदिया दोपहर 13:50 बजे, दुर्ग दोपहर 15:55 बजे, रायपुर शाम 16:35 बजे, बिलासपुर शाम 19:05 बजे और रायगढ़ रात 21:35 बजे पहुंचेगी. अंत में यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 4:30 बजे हटिया पहुंचेगी. यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बालसिरिंग, गोविंदपुर रोड, बानो, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, बडनेरा, अकोला, मलकापुर, भुसावल, पचोरा, चालीसगांव, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे स्टेशनों पर रुकेगी.
पैसा निकाले गई महिला के बैग से 40 हजार पार
चकरभाठा. यूको बैंक एटीएम परसदा में पैसा निकाले गई महिला के बैग से 40 हजार रूपए चोरी करने वाले चोर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. चकरभाठा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. प्रार्थिया इंदू चौहान पति विजय कुमार चौहान उम्र 34 वर्ष इंद्रपुरी हिरों माइंस ने चकरभाठा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है. जिसमें उसने बताया है कि वह छतौना प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका एवं उजाला महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हूँ. 5 अक्टूबर सोमवार की दोपहर 2:45 बजे समूह का 40 हजार रुपए अपने बैग में लेकर यूको बैंक परसदा आई थी. वहां पर पैसा वाला बैग एवं पानी बोतल को एटीएम में नीचे रखकर पैसा निकालने लगी. इस समय एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम के अंदर आया जिसे मैं बाहर जाने के लिए बोली तब भी वह बाहर नहीं गया. फिर मैं पैसा निकालने में व्यस्त हो गई जब अपने एटीएम से पैसा बैग पैसे को चेक किया तो 40000 रुपए बैग में नहीं था. मैंने बैंक मैनेजर से सीसीटीवी फुटेज चेक कराया तो व्यक्ति जो एटीएम में घुसा था वही मेरे बैग से पैसा निकालते हुए दिख रहा है. मेरे बैग से पैसे निकालकर बिना नंबर के स्कूटी से भाग गया जिसकी जानकारी मैने अपने पति विजय कुमार को दी. मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है जिस पर पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 303 (2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.
52 हाथियों के दल की मौजूदगी से वन महकमा अलर्ट
पेण्ड्रा. मरवाही वनमंडल में करीब 52 हाथियों के दल के प्रवेश की सूचना के बाद वन विभाग ने आम नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है. वन विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हाथियों का दल रूमगा, मटियादांड, सेमरदरी नाका, बहरीझोरकी, मगुर्दा, दानीकुण्डी, गुल्लीडांड, मौहरीटोला, कारगिकला, मरवाही एवं पीपरडोल सहित आसपास के वन क्षेत्रों में विचरण कर सकता है. विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं और फोटो-वीडियो बनाने के लिए उनका पीछा न करें. हाथियों को पत्थर मारने, शोर करने या किसी अन्य तरीके से परेशान करने से बचें. शाम और रात के समय जंगल, खेतों तथा हाथियों के संभावित विचरण क्षेत्रों में अकेले जाने से भी बचने की सलाह दी गई है. विभाग ने कहा है कि हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनकी विपरीत दिशा में चले जाएं. बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है. हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल निकटतम वन अमले को दें और किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं. वन मंडलाधिकारी श्रीकुमार निशांत ने बताया कि हाथियों की लोकेशन लगातार बदल सकती है. इसलिए ग्रामीण स्थानीय वन अमले से प्राप्त नवीनतम सूचना को ही मान्य मानें. उन्होंने कहा कि हाथियों की सुरक्षा के साथ-साथ जनहानि से बचाव के लिए सभी नागरिक आवश्यक सावधानियां बरतें और हाथियों को सुरक्षित मार्ग देने में वन विभाग का सहयोग करें.
करंट की चपेट में आकर झुलसे दंपति, पति की मौत
चांपा. निर्माणाधीन मकान के पास से गुजर रहे 11 केवी के चपेट में आने से मजदूर दंपति झुलस गए, करंट लगते ही इनमे से पति नीचे गिर गया. अस्पताल ले जाने से पहले उसकी मौत हो गई. उधर करंट लगने से उसकी पत्नी भी बुरी तरह झुलस गई. घटना मंगलवार 6 अक्टूबर दोपहर की है. जानकारी के अनुसार थाना चौक के पास मजदूरी कर रहा दंपती 11 केवी बिजली तार की चपेट में आ गया. अचानक करंट की चपेट में आने से पति गंभीर रूप से झुलस गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं पत्नी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार शासकीय बीडीएम अस्पताल में जारी है. महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. मिली जानकारी के अनुसार रामनाथ (50) निवासी महुदा अपनी पत्नी लता कर्ष (45) के साथ रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे. पिछले कुछ दिनों से दोनों थाना चौक के पास मेन रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी का काम कर रहे थे. मंगलवार को भी दोनों रोज की तरह काम करने पहुंचे थे. दोपहर करीब 2:20 बजे काम के दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में दोनों आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली तार की चपेट में आने के बाद रामनाथ को जोरदार करंट लगा और वह सड़क पर नीचे गिर गए. वहीं उनकी पत्नी लता कर्ष भी बिजली के तेज झटके की चपेट में आ गई. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को संभाला और उपचार के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने रामनाथ की जांच की, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल लता कर्ष का उपचार अस्पताल में जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. रामनाथ और लता लंबे समय से मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. रोज की तरह मंगलवार को भी दोनों काम की तलाश में निर्माणाधीन मकान पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. पति की मौत और पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से परिवार में मातम का माहौल है. घटना के बाद निर्माणाधीन मकान के आसपास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. निर्माण कार्य के दौरान बिजली के तारों के नजदीक मजदूरों से काम कराया जा रहा था. ऐसे में बिजली लाइन के आसपास काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं, यह भी जांच का विषय है. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे. घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों के दौरान विद्युत लाइनों से होने वाले खतरे और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है. परिवार ने हादसे में अपने कमाने वाले सदस्य को खो दिया है, जबकि घायल पत्नी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है.

आज हटेगी 51 गांवों की रजिस्ट्री पर लगी पाबंदी!
कोरबा. चांपा से उरगा और फिर आगे कटघोरा तक बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग का मामला पिछले चार वर्षों से अटका हुआ है. दो चरणों में बंटी महत्वकांक्षी परियोजना का चांपा से उरगा तक का पहला चरण जैसे तैसे पूरा हो गया है, लेकिन दूसरा चरण उलझा हुआ है. जिसके कारण 51 गांवों में रजिस्ट्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ है. यह पाबंदी आज हटेगी. इसके साथ ही प्रभावित गांव के हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल जाएगी. राष्ट्रीय राजमार्ग के एलाइनमेंट तय न होने का खामियाजा आसपास के 51 गांव के भूविस्थापितों और किसानों को भुगतना पड़ रहा है. सड़क निर्माण के संभावित दायरे की वजह से इन गांवों में जिला प्रशासन द्वारा जमीनों की खरीदी बिक्री और रजिस्ट्री पर पूरी तरह रोक लगाई गई है. लोग अपनी ही जमीन के मालिक होने के बावजूद न तो उस पर कोई निर्णय ले पा रहे हैं और न ही प्रशासनिक पाबंदियों के कारण कोई राहत पा रहे हैं. वर्षों से परेशानी झेल रहे 51 गांव के ग्रामीणों के लिए बुधवार का दिन राहत की खबर लेकर आएगा. बताया जा रहा है कि 51 गांवों की रजिस्ट्री पर लगी पाबंदी को आज हटा दिया जाएगा. पाबंदी हटाने संबंधित आदेश आज जारी होगी. रजिस्ट्री पर लगी पाबंदी हट जाने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी.चांपा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग की महत्वकांक्षी परियोजना को वर्ष 2017 में मंजूरी मिली थी. उरगा से चांपा 38.2 किमी की लागत 630 करोड़ थी. जिसे पूर्ण कर लिया गया है. इसका दूसरा चरण उरगा से कटघोरा 38 किमी है. जिसकी लागत पहले 999 करोड़ थी. समय बीतने के साथ लागत बढ़कर अब 1200 करोड़ हो गई है. लेटलतीफी पर और भी लागत बढ़ने की संभावना है. महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी केंद्रीय राजमार्ग और सड़क परिवहन मंत्रालय से मिली थी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

