Bilaspur News Update, बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के खैरा-लगरा गांव में जमीन पर सो रही दो सगी बहनों की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। दोनों बहनों के एक साथ बीमार पड़ने के बाद जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 13 वर्षीय बड़ी बहन नीशू और 6 वर्षीय छोटी बहन तेजस्वनी जमीन पर सोई थीं। अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पहले बड़ी बहन नीशू की मौत हो गई।
वहीं, छोटी बहन तेजस्वनी को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल लाया गया था। यहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों बहनों के एक साथ बीमार पड़ने और बाद में मौत होने से जहरीले जीव-जंतु के काटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों बहनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दुकान में चोरी के बाद आगजनी का आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। रतनपुर के मेला ग्राउंड स्थित एक दुकान में चोरी करने के बाद आग लगाने के मामले में रतनपुर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी की रकम में से आरोपी ने 2,684 रुपए खर्च कर दिए, जबकि उसके पास से बचे 1,116 रुपए बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मेला ग्राउंड स्थित दुकान में चोरी और आगजनी की घटना सामने आई थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गणेश सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने दुकान से 3,800 रुपए चोरी करने और इसके बाद माचिस से आग लगाने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आग लगने से दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, कूलर, पंखा समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकान संचालक ने आगजनी की वजह से करीब 5 लाख रुपए के नुकसान की जानकारी पुलिस को दी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आदतन बदमाश है और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। रतनपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी
बिलासपुर। सरकंडा के युवक को राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82. 63 लाख रुपए की ठगी करने वाली शातिर महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला निकहत परवीन साबरी को मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।
श्री विहार निवासी पीड़ित चेतन आनंद दुबे की करीब एक साल पहले फेसबुक के जरिए निकहत परवीन से पुरानी जान पहचान थी। बातचीत के दौरान आरोपी महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का बड़ा कार्यकर्ता बताया और आला नेताओं से अपनी करीबी पहुंच होने का दावा किया। शुरुआत में एक जमीन विवाद सुलझाने में मदद कर उसने चेतन का भरोसा जीत लिया। विश्वास में लेने के बाद आरोपी महिला ने युवक को संगठन में बड़ा पद दिलाने का प्रस्ताव दिया और पार्टी फंड के बहाने अलग-अलग किस्तों में रुपए ऐंठने शुरू कर दिए।

11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच पीड़ित ने करीब 62.63 लाख ऑनलाइन और 20 लाख रुपए नकद दिए। कुछ रकम आरोपी की बहन के खाते में भी ट्रांसफर करवाई थी। लंबा समय बीतने के बाद पद नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो महिला ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली, जिसके बाद इसकी शिकायत थाने में की गई और फिर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


