Bilaspur News Update : बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में मंगलवार देर रात भतीजे की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी चाचा धनीराम निषाद को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने धारदार हथियार से सीने पर वार कर अपने सगे भतीजे अमित निषाद की हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, मृतक अमित निषाद के महिला मित्र को घर लाने की बात पर चाचा-भतीजे के बीच अक्सर विवाद होता था. घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद गुस्से में आकर धनीराम ने धारदार हथियार से अमित के सीने पर वार कर दिया. घर में रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए. इस दौरान आरोपी कमरे से खून से सना हथियार लेकर निकलता दिखाई दिया. परिजनों ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो अमित निषाद लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था. उसके सीने पर गंभीर चोट के निशान थे.वारदात के बाद आरोपी फरार होने की फिराक में था, लेकिन सरकंडा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है.

पेयजल समस्या को लेकर चक्काजाम आज

जांजगीर-चाम्पा. नगर के सभी वार्डों में पेयजल की समस्या को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. नगरवासियों के बीच अब नाराजगी बढ़ने लगी है. जलापूर्ति व्यवस्था में अधिकारी द्वारा समस्या का निराकरण नहीं किया जाता है तो 14 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शास्त्री चौक में चक्का जाम किया जायेगा. मिली जानकारी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले नगर पालिका में पेयजल समस्या को लेकर बैठक आयोजित की गई थी. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि नगर में पहले की तरह निर्धारित पुराने समय पर ही नल खोले जाएंगे. इसके लिए एजेंडा तैयार कर निर्णय को स्वीकृति भी दी गई थी. इतना ही नहीं, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पंप ऑपरेटरों की बैठक लेकर उन्हें भी पुराने समय के अनुसार जलापूर्ति करने के निर्देश दिए थे. जिनके निर्देश का पालन करते हुए सोमवार को नल पुराने समय में चलाया गया था फिर क्या समस्या उत्पन्न हुई. जिससे फिर वही समस्या सामने आने से सवाल उठने लगे हैं कि जब बैठक में निर्णय हो गया, एजेंडा पास हो गया और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश भी दे दिए गए, तो फिर जलापूर्ति व्यवस्था पटरी पर क्यों नहीं लौट पाई.

अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद

जांजगीर-चांपा. जिले में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बलौदा पुलिस ने ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में छापेमारी की. पुलिस ने मौके से लगभग 176 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त किए हैं. मामले में आरोपी दीपक कुमार अग्रवाल, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 4 नैला गिरफ्तार किया गया. 12 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर पटाखों का अवैध भंडारण कर बिक्री की जा रही है. सूचना पर पुलिस ने तत्काल रेड कार्रवाई की, जहां अलग अलग कार्टून में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले जिसे विधिवत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.

पिता और छोटे भाई ने युवक की कर दी हत्या

कोरबा. प्रधानमंत्री आवास में लोहे का दरवाजा लगाने की बात पर पहाड़ी कोरवा परिवार में जुबानी जंग छिड़ गया. इस जंग ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया. किसी तरह चंगुल से निकलकर भाग रहे युवक पर छोटे भाई ने तीर से हमला कर दिया, जिससे युवक जमीन पर गिर गया. वह संभल पाता, इससे पहले पिता ने अपने ही बड़े बेटे पर सब्बल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना में मौके पर ही युवक की मौत हो गई. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी पिता पुत्र की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है. जिले के सरहदी श्यांग थानांतर्गत ग्राम पंचायत सिमकेंदा स्थित है. सिमकेंदा से करीब तीन किलोमीटर दूर ऊंची पहाड़ी में आश्रित ग्राम सिल्कीडुगरू है, जहां नंदू पहाड़ी कोरवा अपने छोटे बेटे अगहन कोरवा के साथ निवास करता था. उनके ठीक बाजू के मकान में बड़ा पुत्र रामदुलार पहाड़ी कोरवा 35 वर्ष अपने परिवार के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि उनके नाम पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है, जिसका निर्माण कार्य जारी है. 10 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे तीनों ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया. नशा सिर चढ़ते ही तीनों के बीच प्रधानमंत्री आवास में लोहे का दरवाजा लगाने की बात पर विवाद शुरू हो गया. इस विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया. अपने पिता व छोटे भाई के चंगुल से निकलकर रामदुलार भागने लगे. उसे भागते देख छोटे भाई अगहन ने धनुष से तीर चला दी. यह तीर रामदुलार की जांघ में जा घुसा, जिससे वह जमीन पर गिर गया. उसके गिरते ही पिता नंदू ने सब्बल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद पिता पुत्र फरार हो गए. रामदुलार पूरी रात घर के बाहर पड़ा रहा. जिससे अधिक रक्तस्त्राव के कारण उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों ने सुबह होते ही घटना की सूचना थाना पहुंचकर दी. थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे अपनी टीम के साथ तीन किलोमीटर पगडंडी व पहाड़ी में चढ़कर गांव पहुंचे. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की, तत्पश्चात मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया. मामले में पुलिस आरोपी पिता पुत्र की तलाश कर रही है. इसके लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H