Bilaspur News Update : रायगढ़. तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम कठरापाली निवासी युवक को करीब 4 दिन पहले अवैध शराब की बिक्री के आरोप में जेल भेजा गया था. इस दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी जिसके बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. ऐसे में अब मृतक के परिजन जेल प्रशासन व तमनार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजन इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार तमनार पुलिस ने ग्राम कठलीपाली में कुछ दिनों पहले अवैध शराब की बिक्री करने के आरोप में सुरेश रात्रे पिता रूपाऊ रात्रे 38 साल को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया था. मृतक के छोटे भाई नरेश रात्रे व परिजनों को कहना है कि सुरेश के पास 1 लीटर शराब था, लेकिन पुलिस ने 10 लीटर पकड़ने का दावा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया. जेल जाने के बाद जब वे सुरेश से मिलने पहुंचे तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया. ऐसे में कई बार उससे मिलने का प्रयास करते रहे, अंत में उन्हें बताया गया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सुरेश की मृत्यु हो गई. सुरेश की मृत्यु की जानकारी भी उन्हें काफी विलंब से दी गई. जब वे जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां कोई सही जानकारी देने वाला ही नहीं था. मृतक के भाई नरेश रात्रे ने शंका व्यक्त करते हुए कहा कि जेल में जरूर सुरेश के साथ मारपीट की गई है. इस वजह से उसकी मौत हुई है. वहीं दूसरी ओर जेल अधीक्षक गोवर्धन सिंह शोरी ने मीडिया को बताया कि सुरेश को 30 अप्रैल को जेल लाया गया था. इसके बाद से ही उसकी तबीयत खराब होने लगी, ऐसे में उसे जिला जेल में मौजूद चिकित्सकों ने उसकी हालत खराब होने की बात कहते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी. किंतु अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड दिया. जेल अधीक्षक श्री शोरी ने सुरेश के साथ जेल के भीतर मारपीट की घटना से साफ इनकार किया है. यही वजह है कि परिजनों ने सुरेश की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है.
युवती का कराया गर्भपात, पिता-पुत्र गिरफ्तार
बिलासपुर. बिल्हा क्षेत्र में दुष्कर्म और गर्भपात से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक और उसके पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 3 मई को थाना बिल्हा में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में उसने बताया कि आरोपी बलराम साहू (25 वर्ष) निवासी मुढीपार सम्बलपुरी ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई. इसके बाद आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया. इतना ही नहीं, आरोपी अपने पिता रमेश कुमार साहू (46 वर्ष) के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया. पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें अपराध की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
1 करोड़ की ठगी के फरार आरोपी दंपती की जमानत खारिज
बिलासपुर. कोर्ट ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का झांसा देकर दो लोगों से 1 करोड़ की ठगी करने वाले फरार आरोपी दंपती की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है. सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, सरकण्डा बुधिया एनक्लेव निवासी शिल्पा श्रीवास्तव पति पीएस श्रीवास्तव की वर्ष 2024 में किटी पार्टी के दौरान सोनाली सरकार से जान पहचान हुई थी.
सोनाली सरकार पति अभिजीत सरकार मुंगेलीनाका अनिल टाह गली में लेबनान कोड की संचालिका है और शुभम विहार आकाश मार्ग श्याम परिसर की रहने वाली है. सोनाली सरकार ने श्रीवास्तव दंपती को स्टॉक ट्रेडिंग एंड इन्वेस्टमेंट कंपनी में पैसा लगाने पर प्रतिमाह 10 प्रतिशत मुनाफा का झांसा दिया. लालच में आकर श्रीवास्तव दंपती ने वर्ष 2024 से 2025 तक 91 लाख रुपए कंपनी आनलाइन व नकद जमा कर दिया. इसी तरह अमेरी चौक कृष्णा पैलेस निवासी अनुराग सिंह ने 5 लाख रुपए जमा किया. पहले उन्हें मुनाफा दिया गया लालच में आकर उन्होंने मुनाफा की राशि भी कंपनी में जमा कर दिया. बाद में 10 प्रतिशत मुनाफा आना बंद हो गया. पीड़ित उनके कार्यालय जाकर देखे तो पति पत्नी गायब हो गए थे. पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर पति पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया था. फरार आरोपी सोनाली सरकार, उसके पति अभिजीत सरकार ने वकील के माध्यम से कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी लगाई. दशम अपर सत्र न्यायाधीश आदित्य जोशी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है.
दो और महिलाओं से 51 लाख की ठगी
जांच के दौरान दो और पीड़ित महिलाओं ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत की गई है. फरार आरोपी सोनाली सरकार व उसके पति अभिजीत सरकार मुनाफा कमाने का झांसा निवासी ललिता नायडू पति राजेन्द्र कुमार से 3 लाख व अमेरी कृष्णा पैलेस निवासी नंदिता सिंह चौहान पति अजय सिंह चौहान से 48 लाख रुपए की ठगी की है. लगातार शिकायतकर्ता पीड़ितों की संख्या बढ़ती जा रही है.
नेशनल हाइवे में 24 घंटे के भीतर दो हादसे, दो की मौत
पाली. कटघोरा- बिलासपुर नेशनल हाइवे में 24 घंटे के भीतर दो सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अन्यत्र रेफर किया गया है. पहली घटना पाली-चैतमा के बीच डूमरकछार ओवरब्रिज में घटित हुई. दो युवक बाइक में सवार होकर कहीं जा रहे थे. इसी दौरान बाइक चला रहे युवक ने अपना नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित बाइक सहित युवक सड़क पर जा गिरे. घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल दाखिल कराया. इसी तरह दूसरी घटना में पाली चैतमा के बीच घटित हुई. बताया जा रहा है कि बनबांधा के समीप एक ट्रक ब्रेक डाउन हालत में खड़ा था. जिसके पीछे तेज रफ्तार ट्रेलर टकरा गया. ट्रक से टकराते ही ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए. ट्रेलर के केबिन में चालक फंस गया, जब तक उसे केबिन से बाहर निकाला जाता, देर हो चुकी थी. उसने केबिन के भीतर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटनाकारित ट्रेलर में दो अन्य लोग भी सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई. उन्हें इलाज के लिए पाली स्थित अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए अन्यत्र रेफर किया गया है. बहरहाल पुलिस ने दोनों ही मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत जांच शुरू कर दी है.

महिला से दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार
सक्ती. जिले में महिला सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी आखिरकार पुलिस की घेराबंदी में फंस गया और अब उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, थाना मालखरौदा क्षेत्र की पीड़िता ने 21 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति बाहर काम करता है और वह घर में अकेली रहती है. इसी का फायदा उठाकर आरोपी शिवकुमार कुरें पिछले एक माह से उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था. आरोप है कि 17 नवंबर 2025 की रात आरोपी ने उसके घर में घुसकर जबरदस्ती दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में विशेष टीम बनाकर उसकी तलाश शुरू की गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 4 मई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें सउनि आदित्य सिंह एवं आरक्षक सेतराम पटेल की भूमिका रही.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

