Bilaspur News Update : बिलासपुर. त्यौहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है. बिहार जाने वाली ट्रेनों में 300 तक वेटिंग है. रेलवे की ओर से 6 नवंबर से गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल और दुर्ग-दिल्ली और निजामुद्दीन तक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. बिलासपुर स्टेशन पर 10 मिनट का ठहराव दिया गया है.
उप मुख्यमंत्री साव का आज बिलासपुर दौरा
बिलासपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज बिलासपुर दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह शाम 6 बजे सीएमडी कॉलेज मैदान में स्वदेशी शिल्प महोत्सव का उद्घाटन करेंगे. शाम 6:30 बजे सेंट्रल जेल परिसर में पं. माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. वहीं शाम 7 बजे पुलिस परेड मैदान में राज्योत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.
स्पेन जाएंगे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
बिलासपुर. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू व सांसद आज से 6 नवंबर तक स्पेन दौरा पर रहेंगे. वह वैश्विक मंच पर भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को प्रस्तुत करेंगे. बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित कार्यक्रमों में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.
सब स्टेशन में करंट की चपेट में आने से ऑपरेटर की मौत
बिलासपुर. जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में बड़ा हादसा सामने आया है. ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय सब स्टेशन ऑपरेटर अमन साहू की मौत हो गई. अमन ठेका कंपनी के अंतर्गत ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था. इस घटना के बाद बिजली विभाग और ठेका कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, अमन साहू बीती रात कुरेली सब स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात था. सुबह जब दूसरा ऑपरेटर ड्यूटी संभालने पहुंचा, तब अमन कार्यालय में अचेत अवस्था में मिला. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. एक युवा ऑपरेटर की इस तरह मौत से परिवार सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल है. वहीं घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि ऑपरेटर को काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे. हालांकि, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल मामला हिरी थाना क्षेत्र का है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है. अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा कैसे हुआ और इसमें किसी तरह की विभागीय या ठेका कंपनी की लापरवाही तो नहीं थी. इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पाइप लदे ट्रक की टक्कर से युवती की मौत
सरगांव. पथरिया मार्ग पर सुप्रीम पेट्रोलियम के समीप रविवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. पाइप लदे ट्रक ने पीछे से स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार तीनों युवतियां सड़क पर दूर जा गिरीं. इस दौरान 23 वर्षीय सीमा साहू ट्रक के पहिए की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. हादसे में स्कूटी चला रही युवती घायल हुई, जबकि तीसरी युवती सुरक्षित बच गई. जानकारी के अनुसार, संजना साहू (18), सीमा साहू (23) और भूमिका स्कूटी क्रमांक सीजी 22 ए के 1638 से सरगांव से अपने गृहग्राम लोहदा जा रही थीं. स्कूटी संजना साहू चला रही थीं. इसी दौरान पीछे से आ रहे पाइप लदे ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 6354 के चालक महेन्द्र सिंह ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद तीनों युवतियां सड़क पर गिर पड़ीं. सीमा ट्रक के पहिए की चपेट में आ गईं, जबकि संजना के हाथ-पैर में चोटें आईं. भूमिका इस हादसे में सुरक्षित रहीं. बताया गया कि तीनों युवतियां एक ही परिवार की थीं. घटना के बाद घायल संजना ने सरगांव थाने पहुंचकर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई. मृतका सीमा साहू सरगांव मैं कॉलेज की पढ़ाई कर रही थीं. रोजमर्रा के काम से निकली सीमा की इस तरह असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. एक ही परिवार की तीन युवतियों के साथ हुए इस हादसे में एक की जान जाने की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है. सरगांव पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है. पुलिस ने चालक महेन्द्र सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 (ए) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
हड़ताली पटवारियों को ब्रेकिंग सर्विस का नोटिस जारी
जांजगीर-चांपा. जिले में कर्तव्य में लापरवाही एवं अनधिकृत अनुपस्थिति तथा पूर्व में अपराध पंजीबद्ध होने के अलग-अलग मामलों में दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवरीनारायण एवं जांजगीर द्वारा जारी आदेश के अनुसार धर्मेंद्र यादव को कर्तव्य में लापरवाही एवं अनधिकृत अनुपस्थिति तथा ज्योतिष कुमार सर्वे को उनके विरुद्ध पूर्व निलंबित किया गया है. धर्मेंद्र यादव, पटवारी हल्का नंबर 13, तहसील शिवरीनारायण के विरुद्ध कर्तव्य में लापरवाही एवं अनधिकृत अनुपस्थिति के कारण कार्रवाई की गई है. उनकी अनुपस्थिति से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती, अभिलेख दुरुस्ती, धान फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल गिरदावरी, धान खरीदी एवं अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे थे. पूर्व में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के बावजूद अपेक्षित गंभीरता नहीं दर्शाने पर उन्हें निलंबित करते हुए विभागीय जांच संस्थित की गई है. इसी प्रकार ज्योतिष कुमार सर्वे, पटवारी तहसील जांजगीर के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वर्ष 2025 में अपराध पंजीबद्ध किया गया था. उक्त आपराधिक प्रकरण के अन्वेषणाधीन होने एवं शासकीय सेवक के पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. जिले में कुल 156 पटवारियों में से 15 पटवारी काम पर वापस लौट आए हैं. इनमें 13 परिवीक्षाधीन पटवारी एवं 02 ऐसे पटवारी शामिल हैं, जो हड़ताल में शामिल नहीं हुए थे. शेष पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया गया है. निलंबन अवधि में दोनों पटवारियों का मुख्यालय संबंधित तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा. दोनों निलंबन आदेश तत्काल प्रभावशील होंगे.

पति की प्रताड़ना से पत्नी ने की आत्महत्या
जांजगीर-चांपा. दहेज व रुपए के लिए पति की प्रताड़ना से महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मामले में जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत ग्राम बिरगहनी स्थित बंधवा तालाब के पार नीम के पेड़ पर अज्ञात महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर विधिवत पंचनामा कार्रवाई की गई. पहचान उसके परिजनों द्वारा श्रद्धा पटेल निवासी ग्राम सोठी के रूप में की गई. शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा मृत्यु का कारण फांसी से दम घुटना एवं मृत्यु की प्रकृति आत्महत्या होना लेख किया गया. विवेचना के दौरान मृतिका के पिता, माता, बहनों एवं अन्य परिजनों से पूछताछ कर कथन लिया गया. परिजनों ने अपने कथनों में बताया कि मृतका का पति आरोपी लव कुमार पटेल शादी के लगभग डेढ़ वर्ष बाद से ही उसे लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. आरोपी अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति एवं शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हुए उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था तथा पैसे नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट करता था. इसके अतिरिक्त आरोपी उसके चरित्र पर संदेह कर भी उसे लगातार प्रताड़ित करता था. परिजनों के अनुसार लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह 30 अप्रैल को बलौदा स्थित किराए के मकान से कहीं चली गई थी. 1 मई को उसका शव ग्राम बिरगहनी के बंधवा तालाब के पार नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला मामले की जांच एवं परिजनों के कथनों के आधार पर आरोपी पति लव कुमार पटेल के विरुद्ध धारा 80(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपी लव कुमार पटेल उर्फ मोटन को मुखबिर सूचना के आधार पर अकलतरा से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना के संबंध में अपराध स्वीकार किए जाने पर 1 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

