Bilaspur News Update : रायगढ़. सेट परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी का कलावा काटे जाने से नाराज भीड़ ने चांदमारी स्थित स्कूल में जमकर हंगामा किया. मामला बढ़ने पर कोतवाली पुलिस की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा. रविवार को पूरे जिले में सेट परीक्षा आयोजित की जा रही थी. सेट परीक्षा के दौरान कलावा काटे जाने की जानकारी मिलते ही लोग स्कूल के पास जुटने लगे. नाराज भीड़ ने स्कूल परिसर में पहुंचकर विरोध जताया और हंगामा किया. बजरंग दल के कार्यकर्ता देर शाम तक स्कूल के सामने नारेबाजी करते रहे. हालात को संभालने के लिए कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर तैनात रही.
महिला से ऑनलाइन ठगी
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मोबाइल पर बातचीत के जरिए एक महिला से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने महिला को सोना देने का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में 1 लाख 24 हजार रुपये अपने बताए बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए. ठगी की रकम जुटाने के लिए महिला ने मकान मालकिन से भी 30 हजार रुपये उधार लिए थे. इसके बाद आरोपी ने जब 32 हजार रुपये और मांगे तो महिला को ठगी का शक हुआ. परिजनों को जानकारी देने पर मामले का खुलासा हुआ. महिला ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जंगल में अवैध सागौन कटाई, लाखों की लकड़ी और मशीनें जब्त
बिलासपुर. बिलासपुर के लमकेना में जंगल से अवैध सागौन कटाई के मामले में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है. टीम ने आरोपी के घर और बाड़ी से लाखों रुपये की लकड़ी बरामद की है. मौके से सागौन, साल और चिरान लकड़ी के अलावा आरा मशीन, इलेक्ट्रिक चेन सॉ मशीन, रमदा मशीन और बढ़ईगिरी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी जब्त किया गया है. आरोपी पर अवैध रूप से काटी गई लकड़ी से फर्नीचर बनाने का आरोप है. कार्रवाई से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया. वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
बेलगहना में बाघ का वीडियो वायरल
बिलासपुर. श्री सिद्ध बाबा आश्रम बेलगहना के परिसर में बाघ के प्रवेश की सूचना से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि बाघ ने आश्रम परिसर में मौजूद एक गाय पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई. घायल गाय का उपचार किया जा रहा है. घटना के बाद आश्रम सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार बाघ के आश्रम परिसर में पहुंचने और गाय पर हमला करने के बाद उसकी तलाश की जा रही है. फिलहाल बाघ किस स्थान पर मौजूद है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. इसके चलते आश्रम आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास रहने वाले ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. आश्रम प्रबंधन ने श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों से शाम के बाद आश्रम परिसर और जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और बच्चों को घर से बाहर अकेले नहीं भेजने की सलाह दी गई है. साथ ही पालतू पशुओं और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने कहा गया है. गाय पर बाघ के हमले के बाद आसपास के मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों से अपने मवेशियों को खुले में अकेला नहीं छोड़ने तथा रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है. आवश्यक कार्य होने पर समूह में बाहर निकलने की सलाह दी गई है. आश्रम प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, लेकिन सुरक्षा के मामले में लापरवाही न बरतें. फिलहाल क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है और सभी की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है. बाघ के आश्रम परिसर तक पहुंचने की सूचना के बाद अब वन विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है. ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, बाघ की लोकेशन का पता लगाने और आवश्यकता पड़ने पर रेस्क्यू कार्रवाई किए जाने की मांग की जा रही है. आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता जरूरी है.
घर में 6 लाख रुपए की चोरी
बिलासपुर. तीजा पर्व पर अपने पैतृक गांव रीवा गई महिला के उसलापुर स्थित घर से चोरों ने 6 लाख 15 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवर और जेवर और नकदी पार कर दी. महिला जब वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और आलमारी का ताला टूटा हुआ था. मामले में सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार उस्लापुर सागरदीप कॉलोनी निवासी बिन्द्रावती मिश्रा (62) घरेलू कार्य करती हैं. तीजा त्योहार के दौरान वह अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं. उनके घर में उनका बेटा आशीष मिश्रा अकेला था. शिकायत के मुताबिक 25 और 26 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर घर में घुसे और आलमारी का ताला तोड़कर जेवर व नकदी चोरी कर ले गए. महिला के नाती अभिमान द्विवेदी ने 29 सितंबर को फोन कर उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी दी. इसके बाद वह 3 अक्टूबर को रीवा से वापस उस्लापुर पहुंचीं. घर में जाकर देखा तो कमरे का दरवाजा खुला था और आलमारी का ताला टूटा हुआ था. जांच करने पर उसमें रखे सोने के एक हार, एक जोड़ी झुमका, माथ टीका, नथ, दो लेडीज अंगूठी और एक जेंट्स अंगूठी के अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी पायजेब, करधन, तीन जोड़ी बिछिया तथा 12 हजार रुपए नकद गायब मिले. महिला ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख 15 हजार रुपए बताई है.
पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली बाइक, निकली चोरी की
जांजगीर-चांपा. बिना नंबर प्लेट की बाइक को रोकने पर पूछताछ से पता चला कि बाइक चोरी के हैं. बाइक चोरी के तीन आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा गया है. जानकारी के अनुसार जिले के थाना शिवरीनारायण पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए चोरी की 2 मोटरसाइकिल समेत कुल 5 मोटरसाइकिल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया कासम मोहम्मद निवासी खपराडीह, थाना गिधौरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 22 एके 4094 को 26 जुलाई को शिवरीनारायण चौपाटी से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया. मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी. प्रार्थी राकेश कुमार साहू निवासी तुस्मा, शिवरीनारायण ने अपनी हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीएल 7239 को 6 जून 2025 को गुलजारी लाल सीताराम शर्मा कपड़ा दुकान की पार्किंग से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इस मामले में अपराध धारा 303 (2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था. अधिकारियों के निर्देश पर शिवरीनारायण पुलिस ने 3 अक्टूबर की शाम पुल चौक काली मंदिर के पास नाकाबंदी की. इसी दौरान दो बिना नंबर की स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध युवकों को रोका गया. पूछताछ में दोनों मोटरसाइकिलों को शिवरीनारायण क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया गया. दीपक चंद्रा, उम्र 23 वर्ष निवासी डोमा चौकी छपोरा, कान्ता पटेल उम्र 20 वर्ष निवासी डोमा चौकी छपोरा, सुनील चंद्रा उम्र 24 वर्ष निवासी डोमा चौकी छपोरा सभी आरोपी थाना मालखरौदा, जिला सक्ती को पकड़कर जेल भेजा गया है. चोरी की हीरो स्प्लेण्डर प्लस कीमत लगभग 40,000 रुपए, चोरी की हीरो स्प्लेण्डर प्लस कीमत लगभग 12,000 रुपए, घटना में प्रयुक्त पैशन प्लस कीमत लगभग 20,000 रुपए, बजाज पल्सर 150 बिना नंबर, एचएफ डिलक्स बिना नंबर कुल अनुमानित कीमत 1,05,000 रुपए को जब्त किया गया.
ट्रेन से कटकर अज्ञात युवक की मौत
रायगढ़. कोतरलिया रेलवे स्टेशन के पास पटरी में अज्ञात युवक की क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है. जीआरपी के अनुसार सुबह 6 बजकर 10 मिनट में उन्हें सूचना मिली कि स्टेशन के पास पटरी में एक अज्ञात युवक की क्षत विक्षत शव पड़ा हुआ है. शव क्षत-विक्षत है इसलिए पहचान नहीं हो पाई है. जीआरपी ने मर्ग कायम कर पीएम हेतु मेडिकल कालेज भेज दिया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

