Bilaspur News Update : जांजगीर-चांपा. सात समुंदर पार नीदरलैंड से पहुंचे दूल्हे ने भुईगांव की दुल्हन ने शादी रचाई. दोनों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कानूनी रूप से हमसफर बनने का संकल्प लिया. अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी की मौजूदगी में विवाह सम्पन्न हुआ. इसके बाद अधिकारी ने विवाह का प्रमाण पत्र प्रदान किया. प्यार की कोई सीमा नहीं होती, ये कहावत आज जांजगीर-चांपा में चरितार्थ हो गई. पामगढ़ ब्लॉक के छोटे से गांव भुईगांव की बेटी ने सात समंदर पार नीदरलैंड के युवक से शादी कर ली. दोनों की शादी का प्रमाण-पत्र आज जारी हुआ है, और अब ये शादी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है. विवाह प्रमाण-पत्र के अनुसार वर क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम, उम्र 32 वर्ष नीदरलैंड का रहने वाला है. वहीं वधु क्रिस्टीना नथेनियल उम्र 25 वर्ष वार्ड नं. 07 नालापारा भुईगांव तहसील पामगढ़ जिला जांजगीर-चांपा की है. 16 अक्टूबर 2026 को दोनों अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी जांजगीर-चांपा प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष हाजिर हुए. तीन गवाहों की मौजूदगी में धारा-5 के तहत घोषणा कर उनका विवाह संपन्न कराया गया. विवाह अधिकारी ने प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर कर इसे वैध घोषित किया. क्रिस्टीना के परिवार में हनोक नथेनियल और सोनिया नथेनियल गवाह बने. गांव में इस अनोखी शादी की खबर फैलते ही लोग बधाई देने पहुंच रहे हैं. एक तरफ गांव की बेटी विदेश में बसने जा रही है तो दूसरी तरफ नीदरलैंड का दामाद मिलने से गांव में जश्न जैसा माहौल है. बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हुई. इसके बाद दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई. धीरे धीरे दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों ने जीवनसाथी बनने का फैसला ले लिया. दोनों के घरवालों ने भी उनके फैसले का सम्मान किया और क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान की विधिवत शादी हो गई. सात समुंदर पार नीदरलैंड के क्रिस्टीयान शादी रचाने पहुंचा. इसके बाद क्रिस्टीना के साथ उसका विवाह सम्पन्न हो गया. शुक्रवार 16 अक्टूबर को कोर्ट मैरिज के बाद दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में अपना लिया. यह विवाह अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. रतनपुर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8.185 किलो गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जब्त गांजे की कीमत 4 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस ने आरोपी भंवर सिंह नेताम, निवासी ग्राम जाली, के कब्जे से गांजा और मोबाइल सहित कुल 4 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है. आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
शहर में दो शासकीय रावण दहन पर उठे सवाल
बिलासपुर. नगर निगम क्षेत्र में इस बार दो अलग-अलग स्थानों पर शासकीय रावण दहन के आयोजनों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी ने इन आयोजनों की आवश्यकता, वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक प्रक्रिया पर तीखे सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही नगर निगम क्षेत्र में दो शासकीय आयोजन भाजपा जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी वर्चस्व और शह-मात के खेल का परिणाम हैं. विजय ने पूछा है कि जब एक ही नगर निगम सीमा में पुलिस ग्राउंड और साइंस कॉलेज मैदान में दो बड़े शासकीय रावण दहन कराए जा रहे हैं, तो इसके पीछे का वास्तविक उद्देश्य क्या है? क्या यह जनता के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला है या नेताओं की श्रेय लेने की होड़? साइंस कॉलेज मैदान में अरपांचल लोक मंच द्वारा पिछले कई वर्षों से स्थानीय नागरिकों और सामाजिक सहयोग से अपने खर्चे पर रावण दहन किया जाता रहा है. ऐसे में उसी स्थान पर शासकीय आयोजन करने से पहले स्थानीय समिति से समन्वय क्यों नहीं किया गया? कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी सांस्कृतिक या धार्मिक उत्सव से नहीं है, बल्कि वे जनहित के पैसों के इस्तेमाल में पूरी पारदर्शिता और बुनियादी नागरिक सुविधाओं सड़क, नाली, पेयजल, स्वास्थ्य व स्वच्छता पर प्राथमिकता से काम चाहते हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम और सरकार ने जल्द ही वित्तीय स्थिति स्पष्ट नहीं की और अलग नगर निगम की मांग पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे. विजय ने अरपांचल में होने वाले लगभग 24 लाख रुपए के इस शासकीय आयोजन को लेकर उन्होंने नगर निगम से जानकारियां सार्वजनिक करने की मांग की है. सीएसआर राशि किस कंपनी या संस्था से मिली है? क्या यह राशि प्राप्त हो चुकी है या केवल टेंडर जारी कर दिए गए हैं? निविदा किस विभाग ने जारी की, कितनी एजेंसियों ने हिस्सा लिया, चयनित एजेंसी कौन है और भुगतान की शर्तें क्या हैं? महापौर और नगर निगम आयुक्त के बयानों में अंतर होने की स्थिति में प्रशासन स्थिति स्पष्ट करे कि यह राशि सीएसआर से है या डीएमएफ अथवा अन्य किसी मद से.
देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती वाली याचिका पर 3 को होगी सुनवाई
बिलासपुर. भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका पर सुनवाई की तारीख आगे बढ़ गई है. अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर को होगी. मामले की सुनवाई जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की सिंगल बेंच में की जा रही है. पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ चुनाव याचिका दायर की है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान देवेंद्र यादव ने अपने शपथपत्र में महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई थीं. याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि विधायक ने अपने शपथपत्र में आपराधिक मामलों और संपत्ति से संबंधित जानकारी का खुलासा नहीं किया. इसी आधार पर उनके निर्वाचन की वैधानिकता को चुनौती दी गई है. याचिका में देवेंद्र यादव के निर्वाचन को शून्य घोषित करने की मांग की गई है. मामले में अगली सुनवाई 3 नवंबर को होगी.
लापरवाही पर पंचायत सचिव सस्पेंड
रायगढ़. जिले के पुसौर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत नावापारा-ब के सचिव सुदर्शन कर्ष को सरकारी काम में लापरवाही बरतने पर निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है. जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिजीत बबन पठारे ने यह आदेश जारी किया है. जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव सुदर्शन कर्ष अपने काम को लेकर लापरवाही कर रहे थे. वे न तो दफ्तर के आदेशों का पालन कर रहे थे और न ही कारण बताओ नोटिस का कोई जवाब दे रहे थे. इसके अलावा, समीक्षा बैठकों में भी वे सरकारी योजनाओं और पंचायत के कामों की सही जानकारी नहीं दे पा रहे थे. बड़े अफसरों के निर्देशों को न मानने और काम के तरीके में कोई सुधार न लाने के कारण उन पर यह गाज गिरी है. इन नियमों के तहत की गई कार्रवाई-सुदर्शन कर्ष को अपने पद की जिम्मेदारी ठीक से न निभाने का दोषी माना गया है. उनके इस रवैये को छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा नियम 1998 और 1999 के खिलाफ मानते हुए सस्पेंड करने की यह कार्रवाई की गई है. सस्पेंड रहने के दौरान सुदर्शन कर्ष को जनपद पंचायत पुसौर दफ्तर में अटैच किया गया है. इस दौरान उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता (खर्च के लिए तय राशि) मिलता रहेगा. सीईओ का यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

