Bilaspur News Update : बिलासपुर. तारबाहर पुलिस ने म्यूल अकाउंट सिंडिकेट से जुड़े युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी सूरजपुर निवासी दीपेश कुमार गुप्ता व्यापार विहार स्थित SBI बैंक के आसपास सक्रिय था. वह लोगों से बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक, मोबाइल नंबर और नेट बैंकिंग डिटेल लेकर उन्हें साइबर ठगों तक पहुंचाता था. इसके बदले खाताधारकों को कमीशन दिया जाता था.

जांच में सामने आया है कि म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी की रकम विभिन्न खातों में मंगाकर तुरंत निकाल ली जाती थी. आरोपी के मोबाइल से कई बैंक खातों की जानकारी और संदिग्ध संपर्क नंबर भी बरामद हुए हैं. पुलिस का कहना है कि यह सिंडिकेट देशभर में फैले साइबर गिरोहों के “स्लीपर सेल” की तरह काम कर रहा था. मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

फर्जी पुलिस बनकर वसूली करने वाला गिरफ्तार

बिलासपुर. फर्जी पुलिस बनकर वसूली और लूट करने वाले 4 युवकों को गिरफ्तार किया गया है. वह ट्रक चालकों से धमकाकर वसूली करता था. वहीं 9 बोरी तंबाकू लूटने का भी आरोप है. घटना सकरी थाना क्षेत्र है. जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक चालक को झूठे केस में जेल भेजने की धमकी दी और उससे 8 हजार रुपये वसूल लिए. साथ ही ट्रक से 9 बोरी तंबाखू भी लूट ली. आरोपी चालक को जबरन कार में बैठाकर ले गए और ट्रक मालिक को फोन कर च्वॉइस सेंटर के जरिए पैसे निकलवाए. जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस ने बीट सिस्टम से मिली सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई. गिरफ्तार आरोपी बिलासपुर और कोटा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार समेत अन्य वाहन जब्त कर लिए हैं. साथ ही आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 9 बोरी तंबाखू भी बरामद की गई है. मामले में सकरी थाना में धारा 140(3), 308(5) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

हाइवा की चपेट में आया बाइक चालक, मौत

जांजगीर-चांपा. पड़ोसी को इलाज कराने के लिएअस्पताल ले जा रहे बाइक सवार को ने चालक चपेट में ले लिया, जिससे चालक की मौत हो गई. वहीं दूसरा युवक बाल-बाल बच गया. घटना चांपा थानान्तर्गत ग्राम घठोली चौक की है. यहां पहले से ही वाहनों की लंबी लाइन लगी थी. दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने यहां चक्काजाम कर दिया.

प्रशासन की समझाइश के बाद खुला जाम

घटना से आक्रोशित होकर स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया था. पहले से ही यहां वाहनों की लंबी कतार थी. दुर्घटना के बाद आक्रोशितों ने चक्काजाम कर दिया जिसके कारण स्थिति और गंभीर हो गई. बाद में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर आक्रोशितों को शांत कराया गया.

पड़ोसी को इलाज कराने ले जाते समय हुआ हादसे का शिकार

इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दर्री थाना बाराद्वार निवासी आकाश पटेल उम्र 21 वर्ष पिता शैलेन्द्र पटेल अपने परिवार के साथ हथनेवरा में रहता है. वह पीआईएल प्लांट में काम करता है. बुधवार की रात्रि को नाइट ड्यूटी कर घर आया था. सुबह कुछ समय आराम किया फिर अपने पड़ोसी को इलाज कराने के लिए चांपा अस्पताल ले जाने के लिए बाइक में सवार होकर निकला था. इस दौरान घटोली चौक के पास गाड़ियो की लंबी लाइन लगी हुई थी. इस दौरान एक हाईवा के पीछे वह भी खड़ा था. अचानक हाइवा चालक ने अपने वाहन को बैंक किया तो बाइक सवार चपेट में आ गया. जिससे सिर पर गंभीर चोट लग गई. चोट के चलते आकाश पटेल की मौत हो गई. वही दूसरा युवक बाल-बाल बच गया.

खरसिया से चोरी हुई कार दिल्ली में बरामद

रायगढ़. खरसिया शहर से चोरी हुई वेन्यू कार को बरामद करने में चौकी खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इंटर स्टेट स्तर पर कार्रवाई करते हुए चोरी की गई कार को दिल्ली से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पेशे से कार मैकेनिक निकला, जिसने पहले से पूरी योजना बनाकर कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार की थी और वाहन चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर उसका उपयोग कर रहा था. आगे वाहन को डेंटिंग-पेंटिंग कर बेचने की तैयारी थी, लेकिन एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल के मार्गदर्शन में चौकी खरसिया पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया. मामले में पुलिस ने बताया घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें वाहन को एक होटल तक जाते देखा गया.

होटल स्टाफ से पूछताछ में उस व्यक्ति की जानकारी मिली जो वाहन लेकर आया था. होटल में जमा पहचान दस्तावेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसका मोबाइल उपयोग दिल्ली क्षेत्र में पाया गया. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाहन को डेंट-पेंट कर दूसरे राज्य में बेचने की योजना थी. गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद आमिर, पिता मुस्ताक हुसैन, उम्र 39 वर्ष, निवासी शाहदरा दिल्ली/हाल मुकाम लोनी गाजियाबाद से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की वेन्यू कार बरामद कर विधिवत जब्त की गई. प्रकरण में साक्ष्य अनुरूप धोखाधड़ी की धारा 318 बीएनएस जोड़ी गई है. आरोपी को ट्रांजीट प्रक्रिया पूरी कर खरसिया लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेजा गया.