कुमार इंदर, डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले की ग्राम पंचायत रामगुड़ा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत द्वारा कुएं में नहाने और कपड़ा धोने पर 500 रुपये जुर्माने का फरमान जारी किया गया है। इतना ही नहीं, बाकायदा इसकी सूचना कुएं के पास लिखवा भी दी गई है। 

READ MORE: सब्जी ने कराया बवाल: सास-बहू में छिड़ी महाभारत, ‘सोनम’ ने मायके से बुलाकर पिटवाया

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत में नल-जल योजना के तहत घर-घर नल तो लगाए गए हैं, लेकिन अधिकांश नलों में पानी नहीं पहुंच रहा है। गांव के कई हेडपंप भी खराब पड़े हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिस कुएं से नल-जल योजना के लिए पानी सप्लाई किया जाता है, उसी कुएं का पानी दूषित बताया जा रहा है। इसके बावजूद पंचायत ने ग्रामीणों पर रोक लगाते हुए कुएं में नहाने और कपड़ा धोने पर जुर्माना लगाने का फरमान जारी कर दिया। 

READ MORE: गुंडागर्दी की भेंट चढ़ा ‘न्याय का मंदिर’: नईगढ़ी तहसील परिसर बना अखाड़ा, पीड़ित पक्ष की लात-घूसे से हुई पिटाई

गांव की महिलाएं पानी की समस्या से सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की लापरवाही के कारण गांव में नल-जल योजना, कुआं और हेडपंप होने के बावजूद लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं, मीडिया के गांव पहुंचने की जानकारी लगते ही पंचायत के जिम्मेदारों ने नल-जल योजना चालू तो कर दी, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि सप्लाई में अब भी दूषित पानी ही दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से साफ और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m