राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सौरा रोड पर चोरी का एक अनूठा मामला सामने आया है। यहां एक शातिर चोर ने किराने की दुकान का शटर तोड़कर न सिर्फ नकदी उड़ाई, बल्कि दुकान में रखा अन्य कीमती सामान छोड़ने के साथ सिर्फ सिगरेट के पैकेट चुराकर फरार हो गया।

गल्ले से 25 हजार नकद और सिगरेट पर हाथ साफ

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौरा रोड पर स्थित एक किराने की दुकान को देर रात चोर ने अपना निशाना बनाया। चोर ने दुकान का शटर उचकाकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे लगभग 25 हजार रुपए नकद समेट लिए। हैरानी की बात यह है कि दुकान में खाने-पीने और किराने का अन्य सामान प्रचुर मात्रा में मौजूद था, लेकिन चोर की दिलचस्पी केवल कैश और सिगरेट के पैकेटों में थी। वह नकदी के साथ कई ब्रांडेड सिगरेट के पैकेट भी अपने साथ ले गया।

सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

घटना की सुबह जब दुकानदार राहुल असाटी दुकान पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। दुकान का सामान बिखरा हुआ था और गल्ला खाली था। पीड़ित दुकानदार राहुल असाटी ने तुरंत सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी और चोर का पता लगाकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें चोर दुकान के अंदर वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर हुलिए की पहचान कर चोर की तलाश में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m