Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के सरकारी स्कूलों की पाठ्यपुस्तकों में सामने आई गंभीर गलतियों और त्रुटियों को लेकर राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है। मुख्य विपक्षी दल बीजू जनता दल के युवा और छात्र संगठनों ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेडी ने स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग करते हुए मंगलवार को ओडिशा विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी है।

रविवार को भुवनेश्वर में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बीजू युवा जनता दल के अध्यक्ष चिन्मय साहू और बीजू छात्र जनता दल की अध्यक्ष ईप्सिता साहू ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

बीजेडी नेताओं ने कहा कि कक्षा 1 से 8 तक की किताबों में गंभीर गलतियां पाई गई हैं। लगभग चार महीने पहले इन गड़बड़ियों को उजागर किए जाने के बावजूद सरकार छात्रों को त्रुटिरहित पुस्तकें उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आगामी परीक्षाओं के लिए छात्र गलत पाठ्यपुस्तकों के सहारे कैसे तैयारी करेंगे।

बीजेडी ने यह भी आरोप लगाया कि पाठ्यपुस्तकों के मुद्रण और प्रकाशन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और इसमें करीब 380 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।

बीजू युवा जनता दल के अध्यक्ष चिन्मय साहू ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो बीजेडी के युवा और छात्र पंख 22 सितंबर से विधानसभा के समक्ष दिन-रात का अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।

विपक्ष के इन तीखे हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किताबों की प्रूफरीडिंग और त्रुटि सुधार का काम तेजी से चल रहा है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द ही छात्रों को पूरी तरह से सही और त्रुटिरहित पाठ्यपुस्तकें वितरित कर दी जाएंगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H