Odisha Desk, जाजपुर: ओडिशा के जाजपुर जिले के धर्मशाला इलाके में राजनीतिक पारा अचानक गर्म हो गया है। पूर्व विधायक और बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता प्रणब बलवंतराय की गाड़ी पर हुए हमले और तोड़फोड़ के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। एक तरफ बीजेडी नेताओं ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के समक्ष धरना दिया, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जेनापुर थाने के सामने बीजेडी के खिलाफ उग्र नारेबाजी और प्रदर्शन किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीजेडी के जनसंपर्क पदयात्रा कार्यक्रम के तहत पूर्व विधायक प्रणब बलवंतराय जेनापुर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और जनसभा कर रहे थे। बीजेडी नेताओं का आरोप है कि इसी दौरान हथियारबंद उपद्रवियों के एक समूह ने अचानक पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने प्रणब बलवंतराय की गाड़ी पर थूक फेंका, पथराव किया और गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। आरोप यह भी है कि यह हमला पुलिस बल की मौजूदगी में हुआ।
कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बीजेडी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जाजपुर एसपी से मिला। हालांकि, एसपी के साथ वार्ता विफल रहने के बाद बीजेडी नेता एसपी दफ्तर के बाहर ही धरने पर बैठ गए। इस धरने में पूर्व विधायक प्रणब बलवंतराय के साथ वरिष्ठ नेता प्रणब प्रकाश दास, प्रीतिरंजन घड़ाई, विधायक विश्वरंजन मलिक, प्रमीला मलिक, सुजाता साहू और पूर्व सांसद शर्मिष्ठा सेठी समेत कई दिग्गज नेता शामिल रहे।
इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए बीजेडी अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जन प्रतिनिधियों की सुरक्षा खतरे में है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा।
दूसरी ओर, इस घटना के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी समर्थकों ने जेनापुर थाने के समक्ष एकत्र होकर पूर्व विधायक प्रणब बलवंतराय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प समावेश’ की तैयारियों के लिए बीजेपी कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि प्रणब बलवंतराय और उनके समर्थकों ने जानबूझकर वहां पहुंचकर उपद्रव और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। बीजेपी की तरफ से भी इस संबंध में जेनापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
धर्मशाला क्षेत्र में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के आमने-सामने आने से इलाके में राजनीतिक गहमागहमी और तनाव चरम पर है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

