ODISHA DESK, भुवनेश्वर: राज्य में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी (LPG) समेत आवश्यक वस्तुओं की बेतहाशा मूल्यवृद्धि को लेकर बीजू जनता दल ने भाजपा के नेतृत्व वाली “डबल इंजन” सरकार की कड़ी आलोचना की है। दल का आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें घटने के बावजूद देश में ईंधन के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

सोमवार को शंख भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजू महिला जनता दल की अध्यक्ष स्नेहांजलि छुुरिया ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। स्नेहांजलि छुरिया ने कहा कि साल 2014 में जिस घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग 415 रुपये थी, वह आज बढ़कर करीब 968 रुपये तक पहुंच गई है।

पिछले 10 वर्षों में रसोई गैस के दाम दोगुने से भी ज्यादा बढ़ चुके हैं। इसी तरह पेट्रोल, डीजल और कमर्शियल गैस सिलेंडर की अस्वाभाविक मूल्यवृद्धि ने आम लोगों के घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है।

“अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद उपभोक्ताओं को इसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा है? केंद्र सरकार को पेट्रोलियम उत्पादों पर टैक्स कम करना चाहिए और पेट्रोल व डीजल को जीएसटी (GST) के दायरे में लाना चाहिए, ताकि जनता को आर्थिक राहत मिल सके।”

बीजेडी नेता के अनुसार, इस महंगाई की वजह से निम्न और मध्यम वर्गीय परिवार, छोटे व्यवसायी, चाय दुकानदार और होटल मालिक गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई की मार और ईंधन के खर्च से आम जनता परेशान है, जबकि सरकार इसके प्रति पूरी तरह से असंवेदनशील बनी हुई है।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्नेहांजलि छुरिया ने राज्य में महिला सुरक्षा का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। ओडिशा में हाल के दिनों में बलात्कार, सामूहिक बलात्कार (गैंगरेप) और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में हो रही बढ़ोतरी पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन संवेदनशील मामलों से ठीक से निपटने में पूरी तरह विफल रही है। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की। बीजेडी ने केंद्र और राज्य सरकार से आम जनता को तुरंत राहत देने के लिए पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कटौती करने की पुरजोर मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m