भाजपा ने पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से हासिरानी रथ आज नामांकन दाखिल करेंगी. इस दौरान CM शुभेंदु अधिकारी खुद भी मौजूद रहेंगे. वहीं, रेजिनगर सीट से शाखारव सरकार के नाम की घोषणा हुई है.

नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान की घोषणा के बाद हासिरानी रथ का नाम भाजपा के संभावित उम्मीदवारों में सबसे आगे चल रहा था.

नंदीग्राम विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की ओर से बनी उम्मीदवार हासिरानी रथ, CM शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की मां हैं. 5 मई की रात नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम में 42 साल के चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उसके बाद से बीजेपी उनकी मां हासीरानी रथ के संपर्क में थी. आखिरकार बंगाल बीजेपी ने हासीरानी रथ पर ही भरोसा जताया.

नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इसे खाली करने के बाद हो रहे हैं. वहीं रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई.

हासीरानी रथ स्थानीय स्तर की राजनीति से जुड़ी रही हैं. शुरुआत में वे तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी थीं. बाद में जब शुभेंदु अधिकारी तृणमूल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए, तो हासीरानी भी बीजेपी में चली आईं.

नंदीग्राम लंबे समय से TMC और भाजपा के बीच राजनीतिक संघर्ष का प्रमुख केंद्र रहा है. 2021 में ममता ने यहीं से बंगाल के मौजूदा सीएम शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं.

दूसरी तरफ इस उपचुनाव में TMC के दोनों गुट भी आमने-सामने हैं. दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे. उपचुनाव के लिए उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m