इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में चुनाव परिणाम सामने आते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। देश के 5 राज्यों में से पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बड़ी जीत के रुझानों को देखते हुए बीजेपी कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटने लगे थे और लगातार नतीजों के अपडेट लेते रहे। जैसे-जैसे रुझान बीजेपी के पक्ष में आते गए, कार्यालय का माहौल जश्न में बदलता गया।
पांच राज्यों के चुनावी नतीजे स्पष्ट होते ही खंडवा में बीजेपी दफ्तर के बाहर जीत का जश्न शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों को सामने रखकर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को झालमुड़ी खिलाकर बधाई दी। यह जश्न खासा आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और बीजेपी के झंडे लहराते हुए जीत के नारे लगाए। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
ये भी पढ़ें: अंग-बंग कलिंग सब तरफ भाजपा का झंडा: सीएम डॉ मोहन ने पश्चिम बंगाल की जनता को दी बधाई, कहा- ‘जब ममता निर्ममता करेगी तो कीमत चुकानी पड़ेगी’
इस दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष, विधायक, महापौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस मौके पर मौजूद रहे और जीत की खुशी साझा की। नेताओं ने इस जीत को जनता का समर्थन बताते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम संदेश बताया।

