शिखिल ब्योहार, भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया को बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तृत जानकारी दी। इस बैठक में आगामी राज्यसभा उपचुनाव, सांगठनिक अभियानों, आगामी आयोजनों और राजनीतिक मुद्दों पर मंथन किया गया।
ये भी पढ़ें: रीवा में परमाणु प्लांट, पन्ना में मुआवजा… उमंग सिंघार ने मोहन सरकार को घेरा, लगाए गंभीर आरोप
राज्यसभा सीट के लिए 4-5 नामों का पैनल केंद्र को होगा प्रेषित
बैठक में एल. मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त हुई राज्यसभा की एक सीट पर संभावित उम्मीदवार के चयन को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करते हुए चार-से-पांच नामों का एक पैनल तैयार किया गया है, जिसे अब अंतिम निर्णय के लिए केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। इस पैनल पर केंद्रीय स्तर पर मुहर लगने के बाद उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया जाएगा।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भव्य रैलियां
कोर कमेटी की बैठक में यह तय किया गया कि पार्टी राज्य में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। इसके तहत इंदौर, जबलपुर और भोपाल में बड़े स्तर पर विशाल रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी विभिन्न कार्यक्रमों और प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती, UCC और सरकार के तीन साल पूरे होने पर कार्ययोजना
बैठक में आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता (UCC) और प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर शासन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सरकार के तीन साल के कार्यकाल की सफलताओं के साथ-साथ मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के विकास कार्यों को एक सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के विचार पर भी मुहर लगी है।
केंद्र की योजनाओं के लिए बनेगी विशेष टीम और समन्वय
केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम और समयबद्ध लाभ मध्य प्रदेश को दिलाने के लिए एक नई कार्ययोजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मंत्रियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए राज्य के एक-एक सांसद को जोड़ा जाएगा, ताकि बेहतर तालमेल से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
ये भी पढ़ें: ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर MP में बवाल! BJP ने खरगे को घेरा, सोनिया-राहुल से पूछा- क्या ऐसी भाषा का समर्थन करते हैं?
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कोर कमेटी ने पारित किया निंदा प्रस्ताव
हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के खिलाफ दी गई टिप्पणी को लेकर बीजेपी कोर कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया। बैठक में इस बयान की घोर निंदा करते हुए एक आधिकारिक निंदा प्रस्ताव पारित किया गया और खरगे के अमर्यादित बयान की कड़ी भर्त्सना की गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

