शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। रीवा के दौरे, केन-बेतवा परियोजना, मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान और आगामी राज्यसभा चुनाव जैसे तमाम बड़े मुद्दों पर उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

ये भी पढ़ें: पन्ना जेल पहुंचे जीतू पटवारी: केन-बेतवा विस्थापित दिव्या अहिरवार से की मुलाकात, सरकार को बताया अंग्रेजों से बदतर’

रीवा में परमाणु संयंत्र के नाम पर फर्जीवाड़े का आरोप

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विंध्य क्षेत्र के अपने दौरे का हवाला देते हुए कहा कि रीवा के सिरमौर और मनगवां में प्रस्तावित परमाणु संयंत्र के कारण आदिवासी और दलित वर्ग के लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक तरफ ग्रामसभा इसके विरोध में मना कर रही है, वहीं दूसरी तरफ एक फर्जी सरपंच के लेटर के आधार पर बोरिंग की अनुमति दिखाई जा रही है। सरकार पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या घनी आबादी वाली जगह पर परमाणु प्लांट बनाया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगपतियों को जमीनें सौंप रही है और गरीबों की लाशों पर बड़े उद्योगपतियों को अरबपति बनाने का काम कर रही है। सरकार कलेक्टरों की आंखों से देख रही है, लेकिन कांग्रेस इस मामले को लेकर अब कोर्ट जाएगी।

पन्ना में केन-बेतवा परियोजना के विस्थापितों का उठाया मुद्दा

पन्ना जिले के केन-बेतवा लिंक परियोजना मामले पर बोलते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि वे वहां प्रभावित लोगों और कलेक्टर से मिले हैं। उन्होंने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों का इस परियोजना से कोई लेना-देना या प्रभाव नहीं है, उन्हें मुआवजा राशि बांटी गई है। सरकार ने अब तक केन-बेतवा योजना के वास्तविक विस्थापितों की कोई जांच नहीं करवाई है और न ही अब तक उन प्रभावित लोगों के संयुक्त (जॉइंट) खाते खोले गए हैं।

खरगे के बयान और बीजेपी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर उमंग सिंघार ने कहा कि उन्होंने खड़गे का वह बयान सुना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समझना जरूरी है कि उन्होंने किस परिप्रेक्ष्य में और क्या भाव से वह बात कही थी। वहीं, मल्लिकार्जुन खरगे के बयान के विरोध में बीजेपी द्वारा आज किए जा रहे कांग्रेस कार्यालय के घेराव पर पलटवार करते हुए सिंघार ने कहा कि बीजेपी आखिर किस चीज का विरोध या घेराव कर रही है? उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी हमेशा आरएसएस का झंडा उठाकर चलती है।

ये भी पढ़ें: ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर MP में बवाल! BJP ने खरगे को घेरा, सोनिया-राहुल से पूछा- क्या ऐसी भाषा का समर्थन करते हैं?

राज्यसभा चुनाव को लेकर सरकार पर साधा निशाना

मध्य प्रदेश में खाली हुई राज्यसभा सीट और उपचुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बीजेपी ने यह तय कर लिया है कि उन्हें आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। वे अपनी मर्जी से मुख्यमंत्री, विधायक और सांसद तय करते हैं, चाहे इसके लिए उन्हें सरकारी संस्थाओं का ही दुरुपयोग क्यों न करना पड़े। ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने यहां तक कह दिया कि वे उनके एजेंट बन चुके हैं। राज्यसभा चुनाव और प्रत्याशी को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर पार्टी का जो भी निर्णय होगा, वह समय आने पर सामने आ जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m