ODISHA DESK, भुवनेश्वर: ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के सफल दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को 4 जून की तारीख को राज्य के राजनीतिक इतिहास का एक ‘क्रांतिकारी और गौरवशाली दिन’ बताया है।
गौरतलब है कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बीजद (BJD) के 24 साल लंबे शासन का अंत करते हुए 4 जून को ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इसके बाद 12 जून 2024 को मोहन चरण माझी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य में भाजपा की पहली सरकार बनाई थी। आज उसी ऐतिहासिक चुनावी नतीजे की दूसरी वर्षगांठ मनाई जा रही है।
इस खास अवसर पर राज्य की जनता के नाम एक सार्वजनिक संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो साल पहले जनता ने जो ‘ऐतिहासिक और स्पष्ट जनादेश’ दिया था, उसने न केवल एक मजबूत सरकार बनाई, बल्कि बरसों की जड़ता को तोड़कर एक पारदर्शी, समृद्ध और प्रगतिशील ओडिशा की मजबूत नींव भी रखी है।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा, “प्रिय ओडिशा वासियों, आज 4 जून का दिन ओडिशा की राजनीति के इतिहास में एक क्रांतिकारी और गौरवशाली दिन है। दो साल पहले आज ही के दिन आप सभी ने बदलाव का संकल्प लेकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में एक स्पष्ट जनादेश दिया था।”
केंद्र और राज्य की साझेदारी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के आदर्शों से प्रेरित होकर हमारी ‘डबल इंजन सरकार’ ने पिछले दो वर्षों में केंद्र और राज्य के समन्वय से ओडिशा में विकास का एक नया युग शुरू किया है। सरकार प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के हर वर्ग के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने आगे कहा, “आपका यह अटूट विश्वास और भरोसा हमारी सरकार के संकल्प को और अधिक दृढ़ व शक्तिशाली बनाता है। सेवा और विकास के माध्यम से हम ओडिशा को देश का एक अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने ओडिशा को समृद्धि के शिखर पर पहुंचाने के लिए ‘विकसित भारत’ के साथ-साथ ‘समृद्ध ओडिशा’ के निर्माण के इस महायज्ञ में सभी राज्यवासियों को एकजुट होकर शामिल होने का आह्वान किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

