Odisha Desk, राउरकेला: ओडिशा के राउरकेला स्थित पानपोष सर्किट हाउस से अवैध हथियार जब्त होने और अपराधियों की गिरफ्तारी के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। मामले में मुख्य संलिप्तता सामने आने के बाद से ही फरार चल रहे भाजपा के निलंबित युवा नेता प्रकाश पासवान की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कार्रवाई बढ़ा दी है। रघुनाथपल्ली थाना पुलिस की 5 सदस्यीय विशेष टीम पासवान की तलाश में ओडिशा के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी लगातार छापेमारी कर रही है।

इस बीच, कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए रघुनाथपल्ली पुलिस ने निलंबित युवा नेता प्रकाश पासवान के वाहन को जब्त कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने पासवान के भाई और बहन को थाने बुलाकर गहन पूछताछ की है ताकि उनके ठिकानों और घटना से जुड़े अहम सुराग हासिल किए जा सकें।

गत 15 अगस्त को रघुनाथपल्ली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पानपोष स्थित सरकारी सर्किट हाउस के कमरा नंबर 107 में छापेमारी कर दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से अवैध पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए थे। उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक हथियार सप्लायर समेत 5 अन्य सहयोगियों को भी दबोचा।

पुलिस जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वीआईपी और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए बने इस सरकारी सर्किट हाउस में कमरा प्रकाश पासवान के नाम पर बुक किया गया था। इसके अलावा आरोपी लगभग 20-25 दिनों से बिना किसी रोक-टोक के सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे।

सरकारी सर्किट हाउस का इस्तेमाल अपराधियों को शरण देने के लिए किए जाने की खबर सार्वजनिक होते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल के निर्देश पर प्रकाश पासवान को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निलंबित कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस सर्किट हाउस के सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है। प्रकाश पासवान की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m