Odisha Desk, गंजम: ओडिशा के गंजम जिले के खल्लीकोट ब्लॉक में आयोजित पंचायत समिति की बैठक के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के दो स्थानीय नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा देखने को मिला। विकास कार्यों पर चर्चा के दौरान खल्लीकोट के विधायक पूर्णचंद्र सेठी और सांसद प्रतिनिधि यज्ञनारायण दास आमने-सामने आ गए, जिससे बैठक में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, खल्लीकोट ब्लॉक सभागार में 11वीं पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष, प्रखंड विकास अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जब विभिन्न पंचायतों के विकास कार्यों और योजनाओं पर चर्चा चल रही थी, तभी सांसद प्रतिनिधि यज्ञनारायण दास के बैठने के स्थान और उपस्थिति को लेकर सवाल खड़ा हो गया। विधायक पूर्णचंद्र सेठी ने बैठक में सांसद प्रतिनिधि के बैठने और हस्तक्षेप पर आपत्ति जताई।

विधायक द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद सांसद प्रतिनिधि यज्ञनारायण दास ने भी विधायक और उनके समर्थकों के रुख का कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों नेता एक-दूसरे पर बहस करने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक अंग्रेजी भाषा में तीखी जुबानी जंग चलती रही। ब्लॉक अध्यक्ष और बीडीओ की मौजूदगी में हुई इस तू-तू-मैं-मैं के कारण बैठक की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित हो गई और सभागार में असहज स्थिति पैदा हो गई।

प्रशासनिक अधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्ष के सामने सत्ताधारी दल के दो प्रमुख नेताओं के इस तरह आपस में उलझने की घटना अब गंजम जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

स्थानीय लोगों और विपक्षी दलों का कहना है कि विकास कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए आयोजित बैठक में नेताओं के आपसी मतभेद का इस तरह सार्वजनिक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना के बाद खल्लीकोट ब्लॉक की राजनीति में अंदरूनी खींचतान की खबरें गर्म हो गई हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H