बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में भजपा नेता से मारपीट, रुपये और मोबाइल लूटने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपाईयों ने थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि शिकायत के बावजूद पुलिस लूट, मारपीट और धमकी के मामले में FIR दर्ज नहीं कर रही है। मामला गरमाने के बाद पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच मामला दर्ज करने के साथ मोबाइल वापस करने की बात पर सहमति बन गई, जिसके बाद धरना खत्म कर दिया गया।

मारपीट कर की लूटपाट

यह पूरा मामला राजहरा थाना क्षेत्र का है। शिकायत के अनुसार, 10 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे बाजार से घर लौटते समय कुसुमकसा मंडल के अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मनप्रीत ब्रोका को रास्ते में दिलराज सिंह भाटिया ने रोका और मारपीट की। इतना ही नहीं जेब में रखे 10 हजार रुपए छीन लिए। शिकायतकर्ता ने मोबाइल छीनने और अश्लील गालियां देने का भी आरोप लगाया है।

थाने में भाजपा नेताओं का जमावड़ा

वहीं, आज शाम करीब 4 बजे आरोपी को थाने बुलाए जाने के बाद वहां भी गाली-गलौज किए जाने की बात कही जा रही है। इसी मामले में कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग को लेकर भाजपाई थाने के सामने धरने पर बैठ गए।

FIR दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, नपा अध्यक्ष तोरण साहू, मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि शिकायत पर उचित धाराओं में FIR दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।

सहमति के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त

प्रदर्शन के बाद मामले में पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच मामला दर्ज करने के साथ मोबाइल वापस करने की बात पर सहमति बन गई, जिसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H