कुंदन कुमार, पटना। राज्यसभा सांसद बनने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज गुरुवार 16 अप्रैल को पहली बार संसद पहुंचे, जहां गृहमंत्री अमित शाह समेत अन्य बीजेपी नेताओं ने स्वागत किया। बता दें कि केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन पारित करने के लिए आज 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया है, जिसमें शामिल होने के लिए सभी सांसद पहुंच रहे हैं।

तीन विधेयक पेश करेगी केंद्र सरकार

विशेष सत्र के पहले दिन यानी की आज 16 अप्रैल को सरकार महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनावों से प्रभावी रूप से लागू करने और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से संबंधित तीन प्रमुख विधेयक पेश करने जा रही है। इनमें संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं।

विशेष सत्र में शामिल होने पहुंचे जदयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि, महिला आरक्षण बिल तो 2023 में ही पास हो गया था, अब वे विरोध क्यों कर रहे हैं? हमारी पार्टी तो इसका शुरू से ही समर्थन करती है, नीतीश कुमार तो इसके पक्ष में ही रहे।सभी को एक व्यक्ति एक वोट का अधिकार है।

प्रस्तावित परिसीमन बिल पर संजय झा ने कहा कि, कैसे दक्षिण और उत्तर भारत के बीच की खाई बढ़ सकती है? 50% तो हर राज्य में बढ़ोतरी हो रही है। मुझे लगता है कि उन्हें (विपक्ष) बस महिला आरक्षण बिल का विरोध करना है। इसलिए सारा प्रपंच रच रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बिना किसी ‘शॉर्टकट’ के राजनीति में उतरेंगे निशांत कुमार! जेडीयू ने पोस्टर से दिया परिवारवाद को करारा जवाब