रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने मनेन्द्रगढ़ भरतपुर चिरमिरी क्षेत्र के स्थानीय नेता और जिला संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके दुर्गाशंकर मिश्रा के खिलाफ बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय द्वारा यह आदेश जारी किया गया।
बता दें कि दुर्गाशंकर मिश्रा भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र की वरिष्ठ भाजपा विधायक रेणुका सिंह के प्रतिनिधि के रूप में काम कर रहे थे। रेणुका सिंह पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और रमन सरकार में भी मंत्री रह चुकी हैं। ऐसे में उनके समर्थक पर की गई कार्रवाई पार्टी में चर्चा का विषय है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर से जारी आदेश में दुर्गाशंकर मिश्रा पर पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान करने, बैठकों और कार्यक्रमों को प्रभावित करने के साथ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप है। इन आरोपों के आधार पर संगठन ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए छह साल के निष्कासन का फैसला लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


