Mumbai News: मुंबई के घाटकोपर पूर्व से भाजपा विधायक और रियल एस्टेट कारोबारी पराग शाह इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भिखारी के वेश में घाटकोपर की सड़कों और रेलवे स्टेशन के आसपास लोगों से मदद मांगते नजर आ रहे हैं। हालांकि, शाह का कहना है कि यह किसी राजनीतिक प्रचार या कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था।

जैन धर्मगुरु की सीख से प्रेरित हुआ प्रयोग
पराग शाह के मुताबिक, उन्होंने यह प्रयोग राष्ट्रसंत श्री नम्रमुनि महाराज साहेब की शिक्षाओं से प्रेरित होकर किया। उन्होंने कुछ समय के लिए अपनी पहचान और हुलिया पूरी तरह बदलकर यह अनुभव करने की कोशिश की कि जब किसी व्यक्ति के पास उसका वैभव, पहचान और सामाजिक प्रतिष्ठा न हो, तो समाज उसके साथ कैसा व्यवहार करता है।
एक कार्यक्रम में नम्रमुनि महाराज ने भी व्यक्ति की सामाजिक पहचान और उसके वैभव के बीच संबंध पर सवाल उठाते हुए इस तरह के अनुभव की बात कही थी। इसी विचार से प्रेरित होकर शाह ने यह प्रयोग किया।

कुछ लोगों ने मदद की, कई ने किया नजरअंदाज
वीडियो में शाह साधारण वेशभूषा और बदले हुए हुलिए में सड़क किनारे बैठे दिखाई देते हैं। वह राहगीरों से मदद लेते हैं। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी सहायता की, जबकि कई लोग बिना ध्यान दिए आगे बढ़ गए।
शाह ने बताया कि मेकअप और वेशभूषा बदलने के बाद घाटकोपर में मौजूद अधिकांश लोग उन्हें पहचान नहीं पाए। उनके मुताबिक, इस अनुभव ने उन्हें गरीबी, उपेक्षा और जरूरतमंद लोगों के प्रति समाज के रवैये को करीब से समझने का मौका दिया।
पराग शाह की संपत्ति कितनी है?
2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के हलफनामे के मुताबिक, पराग शाह के पास 3,383 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। वह रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं। ऐसे में करोड़ों की संपत्ति रखने वाले विधायक का भिखारी के वेश में सड़क पर उतरना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
सोनू निगम भी कर चुके हैं ऐसा प्रयोग
करीब एक दशक पहले, गायक सोनू निगम ने भी मुंबई के जुहू इलाके में भिखारी का रूप धारण कर सोशल एक्सपेरिमेंट किया था। उन्होंने सड़क किनारे गिटार बजाकर गाने गाए और राहगीरों की प्रतिक्रियाएं देखीं। इस प्रयोग का मकसद यह दिखाना था कि लोग अक्सर किसी व्यक्ति की पहचान और सामाजिक स्थिति के आधार पर उसके प्रति धारणा बनाते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



