चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में 19 सितंबर को हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री और नकल उतारे जाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बीजेपी की वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखे हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर मां जैसे पूजनीय शब्द का मजाक उड़ाना और मिमिक्री करना कांग्रेस के गिरते संस्कारों और घटिया संस्कृति को उजागर करता है।

‘प्रायोजित भीड़ थी, मालवांचल के चुनाव पर नहीं पड़ेगा कोई असर’

मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि यह पूरी तरह से प्रायोजित भीड़ थी। जब विपक्ष के पास जनता से जुड़े मुद्दों में कोई दम नहीं होता, तो उन्हें ऐसे हथकंडे अपनाने पड़ते हैं। छात्रों की समझदारी पर भरोसा: उन्होंने कहा कि मालवांचल के छात्र और युवा बेहद विवेकशील हैं। इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र के चुनावों या युवाओं की सोच पर कोई असर नहीं पड़ने वाला।

नैतिकता और राष्ट्रवाद की सीख: विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि यदि छात्रों के बीच कोई कार्यक्रम करना ही था, तो वह नैतिकता, राष्ट्रवाद और उनके कर्तव्यों को दिशा देने वाले होने चाहिए थे, न कि इस स्तर के तमाशे।

‘मां राष्ट्र की आद्य शक्ति हैं, उनका अपमान अक्षम्य’

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अतीत में एक मां के सम्मान में मंच से की गई बात का जिक्र करते हुए उषा ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा मां का सम्मान बढ़ाया है, लेकिन कांग्रेस ने राजनीतिक द्वेष के चलते ‘मां’ जैसे राष्ट्रीय और पवित्र शब्द का अपमान किया है। उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राहुल गांधी एक जिम्मेदार पद पर हैं, लेकिन उनके सामने इस तरह की हरकतें होना और उसमें उनकी मौजूदगी उनके संस्कारों को दर्शाती है। यह अहंकार और संस्कार के बीच के अंतर को स्पष्ट रूप से दिखाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m