रीवा। BJP MP Janardan Mishra Viral Video: एक तरफ विपक्ष और जनता पेट्रोल में एथेनॉल मिलावट का विरोध कर रही है। दूसरी ओर रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने विरोध करने वालों को हड़काते हुए बेहद अशोभनीय और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने एथेनॉल के विरोधियों को मंच से चिल्लाते हुए यह कह दिया कि क्या शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा? उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

E20 विरोधियों पर आपा खो बैठे भाजपा सांसद

दरअसल, रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने E20 पेट्रोल का विरोध करने वालों को जमकर खरी खोटी सुनाई। साथ ही भारत सरकार का बखान करते हुए उनके कामों की सराहना की। इस बात पर आगे बढ़ते हुए वह भड़क उठे और E20 का विरोध करने वालों को जवाब देते हुए अपना आपा खो बैठे।

‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे पिता के घर से आएगा?’

उन्होंने कहा, भारत अपना 20 प्रतिशत तेल देश में ही पैदा करता है, जबकि 80 प्रतिशत तेल विदेशों से मंगाया जाता है। इसके अलावा, अभी तनाव चल रहा है, होर्मुज बंद है और हूती विद्रोहियों ने भी इसे रोक रखा है, इसलिए तेल को अतिरिक्त 18,000 किलोमीटर का सफर तय करके लाना पड़ रहा है। जब प्रधानमंत्री मोदी लगातार कह रहे हैं कि 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जाना चाहिए, तो लोग विरोध कर रहे हैं और कह रहे हैं कि इथेनॉल का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए और सिर्फ़ शुद्ध पेट्रोल का इस्तेमाल होना चाहिए। क्या शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे पिता के घर से आएगा?

भारत को बताया सबसे कम महंगाई वाला देश

बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि आज अगर दुनिया में कहीं भी सबसे ज्यादा रोजगार के अवसर – सिर्फ़ नौकरी नहीं, बल्कि रोजगार – उपलब्ध हैं, तो वह भारत देश है। आज जबकि पूरी दुनिया में महंगाई है, अगर महंगाई कहीं सबसे कम है तो वह भारत में है। आज देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हम पहले 600 करोड़ रुपये के बम एक्सपोर्ट करते थे, आज हम 38,000 करोड़ रुपये के डिफेंस इक्विपमेंट एक्सपोर्ट कर रहे हैं।

सांसद बोले- अंतर नहीं दिख रहा तो आप विकास नहीं चाहते

बीजेपी सांसद ने यह भी कहा कि 2014 के भारत और 2026 में नरेंद्र मोदी के भारत के बीच क्या अंतर है, इसे देखें। अगर आप यह अंतर देख पा रहे हैं तो देश को तोड़ने में लगे लोगों को ऐसा कड़ा और जोरदार जवाब दिया जाना चाहिए और अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो इसका मतलब है कि आप इस तरह का विकास नहीं चाहते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m