भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से स्मृति ईरानी समेत आठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं. पार्टी ने संगठन में महिला, अल्पसंख्यक और सामाजिक संतुलन पर जोर दिया है.
सतीश सिंह, लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी की सोमवार को जारी नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश का दबदबा बरकरार रहा. सूची में अमेठी की पूर्व लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत यूपी से आठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं. पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नई टीम में कई चेहरों को शामिल किया है.
पार्टी की ओर से जारी सूची में महिला शक्ति, अल्पसंख्यक मोर्चा और उत्तर प्रदेश के नेताओं पर विशेष फोकस किया गया है.
स्मृति ईरानी बनीं महामंत्री
सूची के मुताबिक अमेठी से पूर्व लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. संगठन और चुनाव प्रबंधन में उनके अनुभव का पार्टी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है. इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने संगठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है.
मोर्चों में भी यूपी
मोर्चा स्तर पर भी उत्तर प्रदेश को नई सूची में जगह मिली है. राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है.
वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे कुंवर बासित अली को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान सौंपी गई है.
पार्टी की ओर से इन चेहरों को शामिल किए जाने के पीछे संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश बताई गई है.
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम से अपेक्षा जताई है कि सभी पदाधिकारी बूथ स्तर तक जाकर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएंगे और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाएंगे.
भाजपा का कहना है कि नई टीम के गठन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है और इससे आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलेगी.


