उत्तराखंड के हल्द्वानी में 9 और 10 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होकर 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति और सांगठनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे.

हल्द्वानी. उत्तराखंड में साल 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने जा रही है. इस कार्यक्रम की शुरुआत 9 सितंबर को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक से होगी, जबकि 10 सितंबर को मुख्य प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी. इस महत्वपूर्ण आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य रूप से शिरकत करेंगे, जिसकी तैयारियों में पार्टी कार्यकर्ता जोर-शोर से लगे हैं.

चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

हल्द्वानी में होने वाले इस दो दिवसीय मंथन को संगठनात्मक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है. बैठक के दौरान पार्टी के भावी कार्यक्रमों, सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की जाएगी. राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और जमीनी स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने की योजना बनाई गई है.

पूर्व सैनिकों और समाज से संवाद

दौरे के क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे, जिसके माध्यम से पार्टी पूर्व सैनिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करेगी. इसके अलावा वे विभिन्न सामाजिक वर्ग सम्मेलनों में हिस्सा लेकर राज्य में राजनीतिक माहौल को पार्टी के पक्ष में करने का प्रयास करेंगे. प्रदेश संगठन इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दे रहा है.

राष्ट्रीय अध्यक्ष का विस्तृत कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन 9 सितंबर को दोपहर 3 बजे हल्द्वानी में राज्य कार्यसमिति की बैठक लेंगे. इसके बाद शाम 5 बजे राज्य पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों के साथ बैठक होगी और शाम 7 बजे राज्य कोर कमेटी के साथ वे चर्चा करेंगे. अगले दिन 10 सितंबर को सुबह 10 बजे सेवा संकल्प अभियान की बैठक होगी, जिसके बाद दोपहर 12 बजे वे हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन और दोपहर 2:45 बजे रुद्रपुर में पंजाबी गौरव सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.