कुंदन कुमार, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (28, जून) को अपने चर्चित रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात‘ के 135वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, वोकल फॉर लोकल जैसे विषयों पर खुलकर बात की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर दिल्ली प्रदेश कार्यालय के कर्मचारियों के साथ पीएम मोदी के ‘मन की बात‘ कार्यक्रम को सुना और सराहा।

आत्मनिर्भर से लेकर वोकल फॉर लोकल तक….

नितिन नबीन ने पीएम मोदी के ‘मन की बात‘ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि, ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती शक्ति, स्वदेशी रक्षा एवं विमानन क्षेत्र की उपलब्धियों, योग की वैश्विक प्रतिष्ठा, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा वोकल फॉर लोकल जैसे विषयों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि, ‘मन की बात’ देशवासियों के साथ प्रधानमंत्री जी के आत्मीय संवाद का ऐसा सशक्त माध्यम बन चुका है, जो समाज के प्रेरणादायी प्रयासों को नई पहचान देता है और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

जल संरक्षण के लिए जनआंदोलन का आह्वान

नितिन नबीन ने आगे कहा कि, पीएमे मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए ‘Catch the Rain’ अभियान को और अधिक गति देने का संदेश दिया। आज जलवायु परिवर्तन और बढ़ती जल चुनौतियों के इस दौर में वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि, आइए, हम सभी मिलकर ‘Catch the Rain’ अभियान को अपना सामूहिक संकल्प बनाएं और जल की प्रत्येक बूंद को बचाकर जल सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय योगदान दें।

ये भी पढ़ें- मन की बात: पीएम मोदी ने नालंदा विश्वविद्यालय की परंपरा को बताया भारत की सांस्कृतिक धरोहर