सतीश सिंह, लखनऊ. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर एक दिन पहले दिए गए धरने के विरोध में बुधवार को लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक मार्च निकाला और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की.
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने से पहले दो स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी. भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहली बैरिकेडिंग को हटाते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यालय से पहले स्थित शिया-सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड कार्यालय के सामने लगाई गई दूसरी बैरिकेडिंग को पार नहीं कर सके. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.
इसे भी पढ़ें : सपा मुख्यालय पर डिंपल यादव के पोस्टर, दिल्ली आंदोलन को लेकर युवाओं के बीच दिया सियासी संदेश
भाजपा कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी चोर है” जैसे कई नारे लगाए और कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर राहुल गांधी ने संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान किया है, जिसका भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही है.
प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, विधायक राजेश्वर सिंह, विधायक नीरज बोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा.


