उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के 8 प्रत्याशियों ने लखनऊ विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया. सपा के तीसरे प्रत्याशी नहीं उतारने से भाजपा के 8 और सपा के 2 प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी 8 प्रत्याशियों ने मंगलवार को लखनऊ विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
भाजपा ने अपने सभी प्रत्याशियों को एक साथ पार्टी कार्यालय से विधानसभा पहुंचाया. नामांकन प्रक्रिया के दौरान पार्टी ने इसे उत्सवी माहौल में पूरा किया.
भाजपा के 8 प्रत्याशी
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए 8 नामों पर मुहर लगाई है. इनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं.

प्रत्याशियों के चयन में सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है. सूची में सामान्य वर्ग के साथ पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और महिला वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है.
निर्विरोध चुनाव तय
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है. समाजवादी पार्टी की ओर से तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारने की घोषणा के बाद चुनाव की तस्वीर स्पष्ट हो गई है.
इससे पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीसरे प्रत्याशी को मैदान में उतारने की घोषणा की थी. हालांकि, मंगलवार सुबह सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने तीसरे प्रत्याशी की संभावना से इनकार कर दिया.
अखिलेश यादव ने कहा कि अब तीन नहीं, 403 सीटों की बात होगी. तीसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं होने के कारण भाजपा के 8 और सपा के 2 प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय है.

