पटना। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देश के विभिन्न राज्यों में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत और धार देने के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की महत्वपूर्ण नियुक्तियों का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस नई सूची को मंजूरी दी है, जिसके तहत कई वरिष्ठ और दिग्गज नेताओं को बड़े राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके साथ ही, बिहार से ताल्लुक रखने वाले हरीश द्विवेदी को भी राज्य प्रभारी के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
देखें सूची




बड़े चेहरों को मिली अहम राज्यों की जिम्मेदारी
पार्टी द्वारा जारी की गई नई सूची के अनुसार, राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील उत्तर प्रदेश (UP) राज्य की कमान एक बार फिर विनोद तावड़े को सौंपी गई है, जिस पर पार्टी ने मुहर लगा दी है। इसके अलावा, वरिष्ठ नेता राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का जिम्मा सौंपा गया है, जबकि बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र राज्य की महत्वपूर्ण कमान दी गई है। राष्ट्रीय राजनीति के अन्य बड़े चेहरों में स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण राज्यों का प्रभार दिया गया है। वहीं, सुनील बंसल को बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी गई।
12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नहीं मिला सह-प्रभारी
भाजपा की ओर से जारी इस व्यापक फेरबदल में इस बात का भी विशेष ध्यान रखा गया है कि जहां आवश्यकता है, वहां नियुक्तियां की जाएं। पार्टी ने देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में किसी भी सह-प्रभारी की नियुक्ति नहीं की है, यानी वहां सिर्फ प्रभारी ही कामकाज संभालेंगे। इस श्रेणी में अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली एवं दमन और दीव, लद्दाख और लक्षद्वीप शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर के राज्यों तथा अन्य क्षेत्रों जैसे मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा में भी केवल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, सह-प्रभारी का पद रिक्त रखा गया है।



