अनमोल मिश्रा, सतना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर निशाना साधा है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को सही ठहराते हुए कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए है। SIR को लेकर कांग्रेस के विरोध और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने की भाजपा पहले भी आलोचना कर चुकी है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सतना प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यह अच्छी तरह जानते हैं कि देश की जनता उन्हें नकार चुकी है। लगातार चुनाव हारने का उनके पास रिकॉर्ड है। उन्हें कोई न कोई मुद्दा चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर SIR को लेकर जनता में भ्रम पैदा करने का आरोप भी लगाया।
ये भी पढ़ें: वायरल नारा ‘एक कचौड़ी, दो समोसा…’ पर सियासतः शिवराज ने नारे को बताया समाज के लिए खतरनाक, कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने, भोपाल के आंदोलन से जुड़ा है मामला
सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में हुए शामिल
खंडेलवाल सतना दौरे के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा कार्यालय में जिला कोर समिति की बैठक ली। इसके बाद दीनदयाल पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह के निधन पर उनके घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात भी की। इसके बाद वे उमा रेजीडेंसी में आयोजित नमो सेवा और प्रबुद्ध जन व्यापारी सम्मेलन में शामिल हुए। पुरानी गल्ला मंडी परिसर के कम्युनिटी हॉल में आयोजित सेवा सूत्र कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सर्वे कराया जाए और योजनाओं से वंचित हितग्राहियों के नाम जोड़े जाएं। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

