Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के कटक में दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न होने के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल के नई दिल्ली दौरे को राजनीतिक हलकों में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कटक बैठक के तुरंत बाद उनके इस दौरे के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, मनमोहन सामल नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे ओडिशा में पार्टी की मौजूदा सांगठनिक स्थिति, आगामी रणनीतियों और सरकार के कामकाज पर केंद्रीय नेताओं को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके साथ ही इस बैठक में राज्य में लंबे समय से अटके निगम अध्यक्षों के पदों को भरने और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी कोई अंतिम मुहर लगने की चर्चा जोर-शोर से चल रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले कटक के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में मनमोहन सामल की अध्यक्षता में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का समापन हुआ था। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि जिन राज्यों में बीजेपी एक बार सत्ता में आती है, वहां सेवा भाव के कारण जनता बार-बार पार्टी को सेवा का मौका देती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्य सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार लगातार जनता के सुख-दुःख की साथी बन रही है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी पंचायत, नगरपालिका और सहकारिता चुनावों के लिए अभी से जुट जाने का परामर्श दिया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का खाका रखा। इस दौरान विपक्षी दलों पर करारा हमला बोलते हुए एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने के बावजूद विपक्ष देश को बदनाम करने में जुटा है। इसके अलावा, कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व पर वंदे मातरम् के अपमान और संसद में महिला आरक्षण बिल के विरोध जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला गया।

अब सबकी निगाहें मनमोहन सामल के दिल्ली दौरे और केंद्रीय नेतृत्व के साथ होने वाली बैठकों पर टिकी हैं, जिससे राज्य की राजनीति में आगामी दिनों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H