सतीश सिंह, लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी. अभियान के माध्यम से गुरु रविदास के समता, सेवा, सामाजिक न्याय, मानवता और लोककल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. गुरुवार को लखनऊ के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, मंत्री असीम अरुण और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत उपस्थित रहे. कार्यशाला का संचालन अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने किया.
लाल सिंह आर्य ने कहा कि भाजपा गुरु रविदास के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है. उन्होंने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी थी. उनकी 650वीं जयंती को विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे देश में मनाया जाएगा. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संत रविदास ने करोड़ों वंचित और उपेक्षित लोगों को सम्मान के साथ जीने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहँ मिले सबन को अन्न” की उनकी कल्पना आज संविधान में निहित समानता के अधिकार की भावना से मेल खाती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मूल मंत्र भी इसी समरसता की भावना को प्रतिबिंबित करता है.
इसे भी पढ़ें : पूछता है, रायबरेली…राहुल गांधी के खिलाफ सड़क पर लगे पोस्टर, छात्र विरोधी चेहरा बताते हुए लिखी की तीखी बात
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि 29 जुलाई को वाराणसी से अभियान का शुभारंभ ‘समरसता दीप अभियान’ के साथ होगा. इस अवसर पर देशभर के संत रविदास मंदिरों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन, आरती, गुरुवाणी पाठ और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा. 29 जुलाई से 10 सितंबर तक ‘कलश वंदन अभियान’ चलाया जाएगा, जबकि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर (पंजाब) से वाराणसी तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी. भाजपा ने अभियान के तहत संत-महात्माओं से संपर्क, समरसता संगोष्ठियों और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया है.


