राहुल शर्मा, भिंड। रक्षाबंधन के पावन त्योहार पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व प्रताप सिंह विष्णु ने बहनों को बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने बसों में यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क कर दी। फ्री बस यात्रा का उद्देश्य यही है कि पैसे के अभाव में कोई भी बहन अपने भाई के घर पहुंचने और उसकी कलाई पर राखी बांधने से वंचित न रहे। वहीं बहनों ने राखी बांधकर दिल से आशीर्वाद दिया है।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व प्रताप सिंह विष्णु ने कहा कि रक्षाबंधन खुशियों और भाई-बहन के प्रेम का त्योहार है। उनका प्रयास है कि जिले की कोई भी बहन आर्थिक परेशानी के कारण अपने भाई तक पहुंचने से न रुके। इसी उद्देश्य से रक्षाबंधन के दिन राम-श्याम ट्रेवल्स की बसों में बहनों के लिए यात्रा पूरी तरह निशुल्क की गई है। इस पहल के तहत विश्व प्रताप सिंह विष्णु स्वयं सुबह से बस स्टैंड पर मौजूद रहे और बसों में सफर करने वाली बहनों को बैठाने के साथ उनका हालचाल भी जान रहे है।

ये भी पढ़ें: जेल में भावुक मिलन, राखी बांधकर बहनों ने भाइयों से लिया अपराध छोड़ने का वचन

बहनों ने जताया आभार, राखी बांधकर दिया आशीर्वाद

उन्होंने बहनों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का किराया न दें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई बस कंडक्टर गलती से किसी बहन से किराया लेता है तो वह सीधे उनके नंबर पर फोन कर शिकायत कर सकती हैं। ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान बसों में निशुल्क यात्रा कर रही बहनों ने भाजपा नेता विश्व प्रताप सिंह विष्णु को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनकी कलाई पर राखी बांधकर आशीर्वाद दिया।

ये भी पढ़ें: राखी के धागे में बंधा पुलिस और बेटियों का विश्वास: छात्राओं ने एसपी शियाज के.एम. को बांधी राखी

बहनों ने कहा कि इस पहल से उन्हें अपने भाइयों के घर पहुंचने में बड़ी मदद मिली है। उन्होंने विश्व प्रताप सिंह विष्णु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह इसी तरह समाजसेवा के कार्य करते रहें। विश्व प्रताप सिंह विष्णु ने कहा कि मैं बहनों का छोटा सा भाई हूं। मेरा प्रयास है कि रक्षाबंधन के दिन हर बहन अपने भाई के घर पहुंचे और उसकी कलाई पर राखी बांधे। इसी भावना के साथ यह पहल की गई है।

लोगों ने की तारीफ

भाजपा नेता की इस पहल की समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को ऐसी पहल से प्रेरणा लेनी चाहिए। जिससे त्योहार के अवसर पर जरूरतमंद माताओं और बहनों को राहत मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m