हेमंत शर्मा, इंदौर। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले इंदौर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रीजनल पार्क के सामने जी मैदान में राहुल गांधी का कार्यक्रम आयोजित होना है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में चल रही थीं, इसी दौरान मैदान में अचानक एक काला सांप दिखाई दिया। सांप कार्यक्रम स्थल पर राहुल गांधी के मंच की दिशा से निकलता हुआ नजर आया।घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। जिस मैदान में जल्द ही बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता जुटने वाले हैं, वहां सांप के दिखाई देने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सांप की एंट्री
दरअसल, कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। प्रेस वार्ता के बाद जब कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, तभी काला कोबरा सांप मंच की तरफ दिखाई दिया जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।सवाल यह है कि जब मैदान में बड़े राजनीतिक कार्यक्रम की तैयारी की जा रही थी, तो क्या पूरे परिसर की पर्याप्त सर्चिंग की गई थी? क्या मंच, दर्शक क्षेत्र और आसपास के हिस्सों की सुरक्षा जांच पूरी की गई थी? सांप निकलने के बाद इन व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पहले से थी सांप निकलने की आशंका, फिर कितनी हुई तैयारी?
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल की अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े निरीक्षण के दौरान पुलिस की ओर से मैदान में सांप निकलने की संभावना को लेकर सावधानी बरतने की बात कही गई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या आयोजन स्थल पर पहले से सर्चिंग, निगरानी और जरूरत पड़ने पर सपेरे की व्यवस्था की गई थी?हालांकि, इन व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभाग या आयोजन समिति की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि घटना से पहले कितनी बार मैदान की जांच की गई थी और कौन-कौन से सुरक्षा उपाय लागू किए गए थे।
बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के बीच सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा
राहुल गांधी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मैदान में सांप या किसी अन्य जीव-जंतु की मौजूदगी से संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। खासकर तब, जब कार्यक्रम में भीड़ एकत्र होने वाली हो और मंच के आसपास लोगों की आवाजाही बनी रहे।अब सवाल कांग्रेस की आयोजन व्यवस्था पर भी उठ रहा है—क्या सांप मिलने के बाद पूरे मैदान की दोबारा सर्चिंग कराई जाएगी? क्या मंच और दर्शक क्षेत्र की सुरक्षा जांच होगी? क्या वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की सहायता ली जाएगी?
सांप मिलने के बाद क्या कदम उठाएगी कांग्रेस?
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कांग्रेस के स्तर पर भी तय की गई है। ऐसे में सांप निकलने की घटना के बाद अब कांग्रेस और प्रशासन के सामने चुनौती है कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले पूरे परिसर को सुरक्षित बनाया जाए।बड़ा सवाल यही है कि जब कार्यक्रम स्थल पर पहले से सुरक्षा संबंधी आशंकाओं की जानकारी थी, तो क्या पर्याप्त सावधानी बरती गई? अब देखना होगा कि सांप मिलने के बाद आयोजन समिति और पुलिस प्रशासन मैदान की सुरक्षा को लेकर क्या अतिरिक्त इंतजाम करते हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी की स्थिति पैदा न हो।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



