अनिल सक्सेना, रायसेन। जिले के उदयपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सौजनी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। खेत के पास खून से लथपथ मिले जुगल किशोर रघुवंशी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या की मुख्य वजह आरोपी की पत्नी से मृतक की फोन पर होने वाली बातचीत और उससे उपजा अवैध संबंधों का शक था।

4 अगस्त को मिला था खून से लथपथ शव

जानकारी के अनुसार, बीते 4 अगस्त की सुबह ग्राम सौजनी रोड पर जुगल किशोर रघुवंशी का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतक की गर्दन और शरीर पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। सूचना मिलते ही उदयपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।

सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों और मृतक के परिचितों से पूछताछ की। साथ ही उदयपुरा से घटनास्थल तक के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस की जांच ग्राम सौजनी निवासी दो भाइयों—अरविंद मेहरा और दीपक मेहरा तक पहुंची।

शक और विवाद में की गई हत्या

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक जुगल किशोर, अरविंद मेहरा की पत्नी से फोन पर बातचीत करता था, जिससे अरविंद को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इस बात को लेकर पूर्व में भी विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन भी जुगल किशोर के अरविंद के घर जाने और उसकी पत्नी से बात करने पर विवाद हुआ। इसके बाद जब जुगल किशोर खेत की तरफ गया, तो अरविंद अपने भाई दीपक के साथ वहां पहुंचा। दोनों ने जुगल किशोर पर फर्से और लकड़ी की पाटी (डंडे) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, आला-ए-कत्ल बरामद

उदयपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद मेहरा और दीपक मेहरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फर्सा और लकड़ी की पाटी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m