धनेश विद्यार्थी ,रेवाड़ी। थाना खोल पुलिस ने गांव धवाना की बणी में मिले महिला के शव के मामले का खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नशे का आदी पति अपनी पत्नी की हत्या कर शव को चटाई में लपेटकर मोटरसाइकिल से झाड़ियों में फेंक आया था। पुलिस ने वारदात के महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी पवन कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 31 मई को गांव धवाना की बणी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव नीले रंग की चटाई में लिपटा हुआ मिला। मृतका के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और शव को झाड़ियों में छिपाने का प्रयास किया गया था।
पिता के बयान से खुला राज
जांच के दौरान मृतका की पहचान ज्योति कुमारी (26) के रूप में हुई, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में गांव मंदोला में रह रही थी।
2 जून को मृतका के पिता रामाधार ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2018 में गांव मंदोला निवासी कंवरपाल से हुई थी। उनका आरोप था कि कंवरपाल नशे का आदी था और अक्सर ज्योति के साथ मारपीट करता था।
शराब पीकर आया, फिर कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी कंवरपाल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 30 मई की सुबह शराब पीकर घर लौटने पर पत्नी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने ज्योति का गला दबा दिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के बाथरूम में छिपा दिया और घर पर ताला लगाकर चला गया। अगले दिन तड़के करीब 3 बजे उसने शव को नीली चटाई में लपेटा, मोटरसाइकिल पर रखा और गांव धवाना की बणी में ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस रिमांड पर होगा खुलासा
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए जाएंगे। मामले की गहन जांच जारी है।

