प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच भीषण खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। कनीपुरा रोड स्थित लकी ढाबे पर करणी सेना से जुड़े दो गुटों के बीच एक दर्जन से अधिक लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान अचानक तेज हथियारों से किए गए हमले के चलते ढाबे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हिंसक हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतकों और घायलों की पहचान

दोहरे हत्याकांड में जान गंवाने वालों की पहचान निमनवासा निवासी राहुल उर्फ विजय प्रताप (पिता दिलीप सिंह) और उंडासा निवासी जितेंद्र पंवार (पिता निर्भय सिंह) के रूप में हुई है। वहीं, इस हमले में पंवासा निवासी शक्ति सिंह और पप्पू जाट गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गाड़ियों में तोड़फोड़, जांच में जुटी पुलिस

विवाद के दौरान हमलावरों ने मौके पर खड़ी कई गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ भी की। पुलिस घटना स्थल की जांच के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों को चिन्हित कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

MP मौसम अलर्ट: नीमच से रीवा तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, जलभराव का खतरा 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m