Nawada Land Dispute: बिहार के नवादा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। वारिसलीगंज प्रखंड के हेमदा गांव में अवधेश यादव और नीतीश यादव के पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, हेमदा गांव में जमीन को लेकर अवधेश यादव और नीतीश यादव के पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट की सूचना मिलने पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से ही न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और सनसनी का माहौल है। वहीं, मारपीट को लेकर लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- Bihar MLC Result: दरभंगा स्नातक सीट पर BJP के सर्वेश कुमार 1184 वोट से आगे, जदयू को बड़ा झटका

