कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। घर के बाहर कार (पार्किंग) खड़ी करने जैसे मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पड़ोसियों ने बातचीत के बहाने एक शख्स को बुलाया और फिर उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार को भी नहीं बख्शा गया। इस पूरी मारपीट का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोशपुरा का
दरअसल यह वायरल वीडियो ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोशपुरा नंबर-1 का है। जहां रहने वाले वृजेन्द्र तोमर की बेरहमी से पिटाई की जा रही है। विवाद की जड़ है घर के बाहर खड़ी होने वाली कार और मकान का निर्माण। पीड़ित वृजेन्द्र का आरोप है कि उनका पड़ोसी पप्पू सिंह तोमर अपनी क्रेटा कार अक्सर उनके दरवाजे पर खड़ी कर देता है, जिससे उन्हें आने-जाने में परेशानी होती है,पीड़ित के मुताबिक, उनके मकान का कंस्ट्रक्शन चल रहा है, जिसकी शिकायत पड़ोसी ने नगर निगम में कर दी थी। कल शाम विवाद को सुलझाने के बहाने आरोपी वीरेंद्र ने वृजेन्द्र को बुलाया।
पुलिस ने ‘अदम चेक’ काटकर खानापूर्ति कर दी
वहां पहले से मौजूद पप्पू तोमर, उसके भतीजे सनी और मनु ने उन पर हमला बोल दिया। जब वृजेन्द्र को बचाने उनकी पत्नी, मां और बच्चे आए, तो दबंगों ने उन्हें भी जमकर पीटा। हैरानी की बात यह है कि मारपीट का साफ वीडियो सामने आने के बाद भी ग्वालियर थाना पुलिस ने इस मामले में सिर्फ ‘अदम चेक’ यानी एनसीआर काटकर खानापूर्ति कर दी है। पीड़ित परिवार पुलिस की इस ढीली कार्रवाई से असंतुष्ट है और न्याय की गुहार लगा रहा है। वहीं पुलिस का तर्क है कि दोनों पड़ोसियों का आपसी विवाद है और जांच के बाद आगे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
ACS की फटकार के बाद एक्शनः सीवरेज- पेयजल कार्यों में लापरवाही पर PHE के EE समेत 4 अफसर निलंबित

