रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर स्थित गुणावद क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक होटल पर मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तिरुपति होटल पर खाना खाने और आर्डर को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें सीने में गंभीर रूप से चाकू लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
गुणावद स्थित तिरुपति होटल की घटना
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक विकास (पिता तेजकरण) अपने साथी बलराम और सुनील के साथ गुणावद स्थित तिरुपति होटल पर खाना लेने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हमला कर दिया। इस संघर्ष के दौरान मुख्य आरोपी ने विकास के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। होटल में हुई इस मारपीट और वारदात की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फुटेज खंगालकर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।
घायलों का इलाज जारी: इस घटना में विकास के साथ मौजूद दो अन्य साथी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ढाबों की आड़ में चल रहा अवैध खेल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्ध गोलू (पिता इकबाल) निवासी गुणावद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर इस खूनी संघर्ष के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
हाइवे के ढाबों पर अवैध कारोबार का पुराना जिन्न
इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय स्तर पर एक बार फिर इंदौर-अहमदाबाद हाईवे के ढाबों और होटलों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चर्चा है कि गुणावद क्षेत्र के कई ढाबों और होटलों पर लंबे समय से हाईवे से गुजरने वाले टैंकरों से अवैध रूप से तेल और केमिकल की खरीद-फरोख्त का अवैध खेल बरसों से चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह के अवांछित गतिविधियों के अड्डों पर इस प्रकार के विवाद होना और आपराधिक तत्वों का जमावड़ा लगना आम बात हो गया है। पुलिस अब इस पहलू को भी ध्यान में रखकर अपनी जांच का दायरा बढ़ा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

