कासगंज। जिले के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव नगला ढक में जमीन के विवाद को लेकर चचेरे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि ताऊ के बेटों ने लाठी-डंडों और राइफल की बट से हमला कर 30 वर्षीय विपिन की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसके दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर मृतक विपिन और उसके भाइयों का अपने तहेरे भाइयों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। जमीन को लेकर ही एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और राइफल की बट से हमला कर दिया। इस घटना में विपिन और उसके दो बड़े भाई अवधेश और रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में परिजन तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान विपिन ने दम तोड़ दिया।
विपिन ने रास्ते में तोड़ा दम
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। कासगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

