सोनीपत। जिले के कुंडली थाना क्षेत्र के एक गांव में संपत्ति के विवाद ने खूनी रूप ले लिया है। एक ही परिवार के लोगों के बीच जमीन को लेकर चल रहा झगड़ा इतना बढ़ गया कि दुकान में घुसकर मारपीट की गई। इस घटना में जान से मारने की कोशिश, रास्ता रोकने, मोबाइल तोड़ने और सोने कीमती चेन छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

गांव पबसरा निवासी नोराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नई डिस्पेंसरी के सामने बनी दुकानों में उनका भतीजा प्रवीन मेडिकल स्टोर चलाता है। आरोप है कि प्रवीन दीवार बढ़ाकर अवैध निर्माण कर रहा था। इस संपत्ति विवाद का मामला पहले से ही उपायुक्त सोनीपत की अदालत में चल रहा है।

गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू की

रात के समय विवाद तब और बढ़ गया जब प्रवीन अपनी दुकान से निकलकर नोराज की दुकान में जबरन घुस आया। उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और अपने पिता देशराज तथा भाई रोहित को भी मौके पर बुला लिया। शोर सुनकर नोराज की पत्नी और बेटा रवि भी वहां पहुंच गए।

ईंट और लाठियों से हमला बोला

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने ईंट और लाठियों से हमला बोल दिया। इस हमले में रवि के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। बीच-बचाव करने आए दूसरे बेटे अनिल का मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और उसके गले से सोने की चेन भी जबरन छीन ली गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल सोनीपत ले जाया गया। रवि की हालत गंभीर होने के कारण उसे डॉक्टरों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके बाद कुंडली थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m