कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुरानी रंजिश और घर के बाहर रेत डंप करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया,महाराजपुरा थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई,जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद अस्पताल के बाहर परिजनों के आक्रोश को देखते हुए तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
READ MORE: रेती मंडी ब्रिज में बड़ी खामी! MANIT की टीम ने पकड़ी गलती, नए पिलर लगाकर बचाई जा रही इंजीनियरिंग की इज्जत, कांग्रेस ने कहा- ‘शहर को बनाया प्रयोगशाला’
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित पटरी रोड पर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच घर के बाहर रेत डंप करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान जमकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला फायरिंग तक पहुंच गया।आरोप है कि दूसरे पक्ष के रिटायर्ड CRPF जवान विष्णु दुबे ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से भोला गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यभान गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सत्यभान गुर्जर का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक भोला गुर्जर और घायल सत्यभान आपस में दामाद और ससुर बताए जा रहे हैं।
READ MORE: पति का ‘काला रंग’ होने पर… डिमांड पूरी करने के लिए सुसाइड की धमकी, बहू की हरकतों का VIDEO लेकर थाने पहुंचे मां-बेटे
पुलिस के मुताबिक दोनों ही पक्ष बिल्डिंग मटेरियल का काम करते हैं और रेत डंपिंग को लेकर उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना के बाद सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके और अस्पताल पर तैनात किया गया। वहीं भोला गुर्जर और सत्यभान गुर्जर के परिजन भारी आक्रोश में नजर आए,फायरिंग की वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हमलावरों में विष्णु दुबे सहित 4 से 5 लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी विष्णु दुबे भिंड जिले के मेहगांव का रहने वाला है और CRPF से रिटायर्ड जवान है। फिलहाल महाराजपुरा थाना पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

